
Pakistan vs Sri Lanka 1st Test Day 2 Highlights: पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला रावलपिंडी के रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में पाकिस्तान की टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी 9 विकेट के नुकसान पर 106.3 ओवर में 434 रन के स्कोर पर घोषित की। इसके जवाब में मेहमान श्रीलंकाई टीम ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में तीन विकेट खोकर 114 रन स्कोर बोर्ड पर लगा दिए हैं। हालांकि वह अभी भी पाकिस्तान से 320 रन पीछे है। कमिंडू मेंडिस 78 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 40 और धनंजय डी सिल्वा 28 गेंदों पर दो चौकों की सहायता से 22 रन बनाकर खेल रहे हैं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम को अपनी पहली पारी में ठीक-ठाक शुरुआत मिली। तैयब आरिफ और अजान अवैस के बीच पहले विकेट के लिए महज 16 ओवर में 86 रन साझेदारी हुई। अजान 50 गेंदों पर 30 रन बनाकर मिलान रथनायके का शिकार हुए। इसके बाद पाकिस्तान टीम का स्कोर 90 पर ही पहुंचा था कि तैयब भी अगले ही ओवर 51 गेंदों पर 57 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। फिर तीसरा विकेट 159 के स्कोर पर बाबर आजम के रूप में गिरा। वह भी अर्धशतक बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद 227 के स्कोर पर मोहम्मद ताहा (51) और 253 के स्कोर पर सलमान आगा (16) भी आउट हो गए। इस तरह 253 पर आधी पाकिस्तान की टीम पवेलियन लौट गई।
यहां से सौद शकील के 93 रन, गाजी घोरी के 48 रन और अराफात मिन्हास की 52 रन की अर्धशतकीय पारियों के दम पर पाकिस्तान ने 106.3 ओवर में 434/9 के स्कोर पर अपनी पहली पारी घोषित की। श्रीलंका की ओर से असिथा फर्नांडो और दिलशान मदुशंका ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।
श्रीलंका की टीम ने अपनी पहली पारी में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट के नुकसान पर 114 रन बना लिए है। वह अभी पाकिस्तान से पहली पारी के आधार पर 320 रन पीछे है। श्रीलंका की ओर से लाहिरू उदारा ने 52 गेंदों पर 42 रन, पासिंदू सूर्याबंदारा 0 और दिनेशन चांदीमल 1 बनाकर आउट हुए। जबकि कमिंडू मेंडिस 40 और धनंजय डी सिल्वा 22 रन बनाकर खेल रहे हैं। पाकिस्तान की ओर से साकिब खान ने दो और मोहम्मद अब्बास ने एक विकेट लिया है।