क्रिकेट

Ranji Trophy: अजित राम ने बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में किया कमाल, तमिलनाडु ने चंडीगढ़ को पारी और 259 रन से हराया

Chandigarh vs Tamil Nadu, Ranji Trophy: चंडीगढ़ पर पारी और 259 रन की तमिलनाडु की जीत में अजित राम का महत्वपूर्ण योगदान था। उन्होंने पहली इनिंग में जहां शानदार शतक जड़ा, वहीं एक इनिंग में 7 विकेट भी चटकाए।
2 min read
• •
Updated: 5 Nov 2026, 12:19 PM IST
Ranji Trophy Chandigarh vs Tamil Nadu
तमिलनाडु के क्रिकेटर अजित राम। (Photo- X/@TNCACricket)

Chandigarh vs Tamil Nadu: तमिलनाडु ने रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप ग्रुप-डी मैच में शानदार प्रदर्शन कर चंडीगढ़ को पारी और 259 रन से हराया। तमिलनाडु ने 7 विकेट पर 571 रन बनाकर पहली पारी घोषित करने के बाद चंडीगढ़ को 94 रन पर ऑलआउट कर फॉलोऑन खेलने को मजबूर कर दिया। चंडीगढ़ की टीम दूसरी इनिंग में भी 210 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह तमिलनाडु ने चंडीगढ़ को पारी और 259 रन से हराकर जीत हासिल कर ली।

तमिलनाडु के लिए प्रदोष रंजन पॉल ने ठोका दोहरा शतक

तमिलनाडु की ओर से प्रदोष रंजन पॉल ने पहली पारी में शानदार दोहर शतक ठोका था। उन्होंने 335 गेंदों का सामना करते हुए शानदार 208 रन बनाए थे। इस पारी के दौरान उन्होंने 14 चौके भी लगाए।

उनके अलावा बाबा इंद्रजीत और नारायण जगदीशन ने भी उम्दा पारी खेली। बाबा इंद्रजीत 112 गेंद में 51 रन बनाकर आउट हुए जबकि नारायण जगदीशन ने 89 गेंद में 8 चौके संग 52 रनों की पारी खेली। कप्तान रविश्रीनिवासन साई किशोर ने नाबाद 36 रनों की पारी खेली।

अजित राम ने शतक के बाद चटकाए 7 विकेट

वहीं तमिलनाडु के खिलाड़ी एस अजित राम ने भी कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने तमिलनाडु द्वारा पारी घोषित करने से पहले शानदार शतक लगाया। अजित राम ने 219 गेंदों में नाबाद 115 रन की पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने 10 चौके लगाए। इसके बाद उन्होंने चंडीगढ़ की दूसरी इनिंग के दौरान 7 विकेट चटकाए।

चंडीगढ़ के लिए मनन वोहरा और अर्जुन आजाद ने ठोके अर्धशतक

तमिलनाडु के खिलाफ रणजी ट्रॉफी 2026-27 के एलीट ग्रुप डी मैच में चंडीगढ़ की तरफ से पहली पारी में कोई खिलाड़ी अर्धशतक नहीं लगा सका था, जबकि दूसरी इनिंग में मनन वोहरा (60) और कप्तान अर्जुन आजाद (59) ने अर्धशतक ठोके ।

चंडीगढ़ ने अब तक एक भी मुकाबला नहीं जीता

रणजी ट्रॉफी 2026-27 में अब तक चंडीगढ़ ने अब तक चार मैच खेले, जिसमें एक मुकाबला ड्रॉ रहा जबकि उसे तीन मैचों में शिकस्त का सामना करना पड़ा। इस तरह एलीट ग्रुप डी में चंडीगढ़ एक अंक के साथ सबसे निचले पायदान पर है।

वहीं तमिलनाडु ने अब तक कुल 4 मैच खेले हैं, जिसमें उसे तीन में जीत मिली है, जबकि एक मैच ड्रॉ रहा है। इस तरह तमिलनाडु एलीट ग्रुप डी में 21 अंक के साथ दूसरे नंबर पर है। मुंबई ने अब तक 3 मैच खेले हैं और सभी मुकाबलों में जीत हासिल की है। इस तरह 21 अंक के साथ मुंबई ग्रुप डी में टॉप पर है।

Updated on:
5 Nov 2026, 12:19 PM IST
Published on: