
वेलिंगटन एयरपोर्ट पहुंचे विराट कोहली। (फोटो सोर्स: वीडियो स्क्रीन शॉट)
Virat Kohli 38th Birthday: ऑकलैंड में खेले गए पहले वनडे इंटरनेशनल मुकाबले में विराट कोहली की 74 रन की मैच जिताऊ पारी के बाद फैंस ने वेलिंगटन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत करते हुए उन्हें 38वें जन्मदिन की बधाई दी। शनिवार को दूसरे वनडे से पहले जब कोहली वेलिंगटन एयरपोर्ट पहुंचे, तो फैंस की भीड़ उनका बेसब्री से इंतजार कर रही थी। जैसे ही विराट को सीढ़ियों से नीचे उतरते देखा, तो उन्होंने अपने बैटिंग आइकन के लिए बर्थडे सॉन्ग गाना शुरु कर दिया। यह देख विराट ने भी फैंस को निराश नहीं किया। वह लोगों के पास गए और अपना ऑटोग्राफ देकर उनका दिल जीत लिया।
बता दें कि वनडे वर्ल्ड कप, एक टी20 वर्ल्ड कप, दो चैंपियंस ट्रॉफी टाइटल और दो इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) टाइटल के साथ विराट ट्रॉफी के मामले में अब तक के सबसे शानदार क्रिकेटरों में से एक हैं। वह भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान भी हैं, जिन्होंने 68 मैचों में 40 जीते हैं और सिर्फ 17 हारे हैं।
टेस्ट क्रिकेट में विराट ने 123 मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है, जिसमें उन्होंने 46.85 के औसत से 9,230 रन बनाए हैं, जिसमें 30 शतक और 31 अर्धशतक शामिल हैं। वह टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। वह दुनिया के दूसरे सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 318 मैचों और 306 पारियों में 58.84 के औसत से 15,183 रन बनाए हैं, जिसमें रिकॉर्ड तोड़ 55 शतक और 80 अर्धशतक शामिल हैं। वह टी20 इंटरनेशनल में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 125 पारियों में 48.69 के औसत से 4,188 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 38 अर्द्धशतक शामिल हैं।
ऑलओवर इंटरनेशनल क्रिकेट फॉर्मेट में वह अब तक के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 566 मैचों में 633 पारियों में 52.86 के औसत से 28,601 रन बनाए हैं, जिसमें 86 शतक और 149 अर्धशतक शामिल हैं और उनका बेस्ट स्कोर 254* रहा है।
Updated on:
5 Nov 2026, 12:16 PM IST
Published on:
5 Nov 2026, 12:03 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.