क्रिकेट

“मैं खुद टीम नहीं छोडूंगा, आपको ड्रॉप करना है तो कर दो”, BCCI को रोहित शर्मा का खुला संदेश

मोहम्मद कैफ का मानना है कि इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में शतक लगाकर रोहित ने अपने खेलने के रवैये से बीसीसीआई चयनकर्ताओं को एक सीधा और सख्त मैसेज भेजा है।
2 min read
Aug 05, 2026
Rohit Sharma retirement
भारतीय स्‍टार ओपनर रोहित शर्मा। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/CricCrazyJohns)

Rohit Sharma, Indian Cricket team: पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा वनडे वर्ल्ड कप 2027 में भारतीय टीम का हिस्सा रहेंगे या नहीं, इसको लेकर कई कयास लगाए जा रहे हैं। इंग्लैंड सीरीज के दौरान खबरें आई थीं कि चयनकर्ताओं ने रोहित को बता दिया है कि यह उनकी आखिरी सीरीज होगी। लेकिन लॉर्ड्स में शतक लगाकर रोहित ने आलोचकों को करारा जवाब दिया।

लॉर्ड्स में वनडे शतक लगाने वाले पहले भारतीय

लॉर्ड्स के मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ 138 रनों की धमाकेदार पारी खेली और वे इस मैदान पर वनडे शतक लगाने वाले पहले भारतीय बने। अपनी इस पारी से रोहित शर्मा ने साफ कर दिया कि वे अब कहीं नहीं जा रहे और वर्ल्ड कप 2027 के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

इस शतक के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने एक बड़ा दावा किया है। कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि रोहित शर्मा ने अपने खेलने के रवैये से बीसीसीआई चयनकर्ताओं को एक सीधा और सख्त मैसेज भेज दिया है।

रोहित ने चयनकर्ताओं को दिया साफ मैसेज

कैफ ने कहा, “एक बात पूरी तरह साफ हो गई है। रोहित शर्मा का सीधा सा संदेश है, अगर मैं अच्छा नहीं खेल रहा हूं, तो आप खुद फैसला लीजिए और मुझे ड्रॉप कर दीजिए। उनका खुद से संन्यास न लेना, मैदान पर दिख रहा उत्साह और जिस आक्रामक अंदाज में उन्होंने लॉर्ड्स में शतक जमाया, उससे साफ है कि उनका पूरा ध्यान केवल खेलने पर है। इसके बाद चयनकर्ताओं को जो करना है, वह उनका फैसला है।”

रोहित को उनका स्वाभाविक खेल खेलने की पूरी आजादी दी

उन्होंने आगे कहा, “कई बार कोचिंग स्टाफ के सदस्य कहते हैं कि हमने रोहित को उनका स्वाभाविक खेल खेलने की पूरी आजादी दी है। लेकिन अभी तक किसी ने भी सार्वजनिक रूप से खुलकर यह नहीं कहा है कि रोहित शर्मा 2027 वर्ल्ड कप के लिए हमारी योजनाओं का हिस्सा हैं। ऐसा बयान आना बेहद जरूरी है। फॉर्म में उतार-चढ़ाव आते रहेंगे, लेकिन मैनेजमेंट को उनके पीछे मजबूती से खड़े होने की बात कहनी होगी।”

कैफ ने कहा, “हम बाहर बैठकर नहीं जान सकते कि अंदर क्या चल रहा है, लेकिन मुझे लगता है कि रोहित शर्मा ने अब यह मन बना लिया है कि वह खुद पीछे नहीं हटने वाले हैं।”

Updated on:
05 Aug 2026 06:44 pm
Published on:
05 Aug 2026 06:44 pm