
आयरलैंड और अफगानिस्तान का पहला वनडे रद्द हुआ (photo- x/@ACBofficials)
Ireland vs Afghanistan, 1st ODI: आयरलैंड और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही वनडे सीरीज का पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया। बुधवार को खराब मौसम के कारण ब्रेडी क्रिकेट क्लब में टॉस तक नहीं हो सका और मैच रद्द करना पड़ा। यहां सुबह से बारिश जारी रही। इसके बाद भारतीय समय के अनुसार शाम 4:27 पर बारिश रुकी और ग्राउंड स्टाफ धीरे-धीरे कवर हटाते नजर आए, लेकिन कुछ देर बाद फिर से बारिश ने फैंस को निराश कर दिया। काफी इंतजार के बाद भी जब मौसम साफ नहीं हो पाया, तो आखिरकार मैच रद्द करने का फैसला लिया गया।
सीरीज का दूसरा मुकाबला इसी मैदान पर 7 अगस्त को खेला जाना है। उम्मीद है कि उस मैच में बारिश फैंस का मजा किरकिरा नहीं करेगी। इस सीरीज का तीसरा, चौथा और पांचवां मैच बेलफास्ट स्थित सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में आयोजित होगा। आयरलैंड और अफगानिस्तान के बीच वनडे इतिहास में साल 2010 से अब तक कुल 33 मैच आयोजित हुए हैं, जिसमें 18 मैच अफगानिस्तान के पक्ष में रहे, जबकि 13 मुकाबले आयरलैंड ने जीते। इनके अलावा, 2 मुकाबले बेनतीजा रहे हैं।
साल 2021 से अब तक दोनों देशों ने 5 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें सभी मैच अफगानिस्तान के पक्ष में रहे। जनवरी 2021 में अफगानिस्तान ने सीरीज 3-0 से अपने नाम की थी, जिसके बाद मार्च 2024 में 2-0 से क्लीन स्वीप किया था। पिछले मुकाबले में अफगानिस्तान ने आयरलैंड के विरुद्ध 117 रन से बड़ी जीत हासिल की थी।
आयरलैंड: पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), एंड्रयू बालबर्नी, हैरी टेक्टर, लोर्कन टकर (विकेटकीपर), बेंजामिन कैलिट्ज, कर्टिस कैंपर, जॉर्ज डॉकरेल, एंडी मैकब्राइन, मार्क अडायर, जय मूंदड़ा, गेविन होए, कैड कारमाइकल, लियाम मैककार्थी, बायरन मैकडोनो।
अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, इब्राहिम जादरान, रहमत शाह (कप्तान), हशमतुल्लाह शाहिदी, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, एएम गजनफर, यामीन अहमदजई, फजलहक फारूकी, जिया उर रहमान शरीफी, मोहम्मद सलीम सफी, नांगेयालिया खरोती, इकराम अलीखिल।
Updated on:
05 Aug 2026 07:03 pm
Published on:
05 Aug 2026 07:03 pm
