
Chetan Sharma on Rohit Sharma and Virat Kohli: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप अगले साल होना है। ऐसे में रोहित शर्मा और विराट कोहली की उम्र और भविष्य को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों के बीच बहस छिड़ी हुई है। अब इसको लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर चेतन शर्मा का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने रोहित शर्मा और विराट कोहली का समर्थन करते हुए कहा है कि दोनों खिलाड़ियों के भविष्य और उम्र को लेकर होने वाली चर्चाओं के बजाय उनके प्रदर्शन को अधिक महत्व दिया जाना चाहिए।
उन्होंने ANI से बातचीत करते हुए कहा, 'उम्र सिर्फ एक संख्या है। अगर आप अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, जैसा कि विराट और रोहित दोनों ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में शतक लगाकर किया, तो इस बारे में ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है। इस तरह की बातें होती रहती हैं। लोग कई तरह की बातें करेंगे और अलग-अलग राय देंगे। उन पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत नहीं है। आपको देश के लिए मैदान पर उतरना है, अच्छा प्रदर्शन करना है और भारत को मैच जिताने हैं। यही सबसे महत्वपूर्ण है। अगर वे ऐसा कर रहे हैं, तो यह बहुत अच्छी बात है।'
आपको बता दें कि वनडे और टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके विराट कोहली और रोहित शर्मा अब भी भारतीय वनडे टीीम के अहम सदस्य हैं। दोनों भारतीय क्रिकेटर 2027 विश्व कप की तैयारियों में जुटे हैं। वनडे क्रिकेट के इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज विराट कोहली ने अब तक 15,109 रन बनाए हैं, जिनमें 55 शतक शामिल हैं। वहीं, रोहित ने इस प्रारूप में 12,120 रन बनाए हैं और उनके नाम 35 शतक दर्ज हैं।
भुवनेश्वर कुमार की भारतीय टीम में वापसी की पूर्व क्रिकेटर चेतन शर्मा ने जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, 'भुवनेश्वर ने बहुत मेहनत की है। वह शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं। मैं इसका गवाह हूं। मैं हाल ही में उनके मैचों की कमेंट्री कर रहा था और वह कमाल की गेंदबाजी कर रहे हैं। न्यूजीलैंड जैसी परिस्थितियों में मुझे लगता है कि वह टीम के लिए आदर्श खिलाड़ी हैं। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। यह वह मौका है जिसका वह लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, इसलिए इसे हाथ से न जाने दें।'