
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्पिनर श्री चरणी। (File Photo- IANS)
Indian spinner Shree Charani: भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज 16 अक्टूबर से शुरू हो रही है। इस मुकाबले में जहां बतौर कप्तान स्मृति मंधाना के प्रदर्शन पर सभी की निगाहें टिकी होंगी, वहीं भारतीय स्पिनर श्री चरणी पर नजरें जमी होंगी। श्री चरणी पर जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज कराने का सुनहरा मौका है। दरअसल, भारतीय स्पिनर श्री चरणी एक कैलेंडर वर्ष में 50 टी-20 इंटरनेशनल विकेट लेने वाली किसी टेस्ट खेलने वाले देश की पहली महिला क्रिकेटर बनने से महज तीन विकेट दूर हैं।
वैसे तो अब तक केवल दो महिला खिलाड़ियों ने एक कैलेंडर वर्ष में 50 टी-20 इंटरनेशनल विकेट लेने का कारनामा किया है। थाईलैंड की थिपाचा पुथावोंग ने 2025 में 27 टी20I मैचों में 56 विकेट लिए थे, जबकि रवांडा की हेनरीएट इशिम्वे ने 2024 में 33 मैचों में 50 विकेट हासिल किए थे। यदि जिम्बाब्वे के खिलाफ आगामी महिला टी-20 इंटरनेशनल सीरीज में श्री चरणी तीन और विकेट लेने में सफल रहती हैं, तो वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय और किसी टेस्ट खेलने वाले देश की पहली क्रिकेटर बन जाएंगी।
श्री चरणी ने इस साल अब तक 23 T20 इंटरनेशनल मैचों में 10.42 की औसत और 5.67 की इकॉनमी रेट से 47 विकेट लिए हैं। इस साल उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 10 रन देकर 4 विकेट रहा है। वह इस साल इस प्रारूप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं।
2026 में उनका सबसे शानदार प्रदर्शन महिला टी-20 वर्ल्ड कप में देखने को मिला, जहां श्री चरणी टूर्नामेंट की सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने 5 मैचों में 8.35 की औसत और 5.85 की इकॉनमी रेट से 14 विकेट हासिल किए। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 19 रन देकर 4 विकेट लेना रहा।
भारतीय स्पिनर श्री चरणी ने अब तक 33 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में 12.56 की औसत और 6.32 की इकॉनमी रेट से कुल 62 विकेट लिए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 10 रन देकर 4 विकेट है।
Updated on:
15 Oct 2026 05:27 pm
Published on:
15 Oct 2026 05:07 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
