क्रिकेट

श्रीलंका पहुंचा टीम इंडिया का 15 की जगह 14 सदस्‍यीय दल, बुमराह के बाद एक और खिलाड़ी हो सकता है बाहर

Sai Sudharsan: भारतीय टीम मंगलवार को श्रीलंका पहुंच गई, लेकिन चुनी गई 15 सदस्‍यीय टीम में से 14 खिलाड़ी ही वहां पहुंचे हैं। रिपोर्ट की मानें तो साई सुदर्शन श्रीलंका के लिए रवाना नहीं हो पाए हैं। वह अभी बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्‍सीलेंस में ही रिकवरी पर हैं।
2 min read
Aug 04, 2026
India vs Sri Lanka, Team India reach Sri Lanka,
श्रीलंका पहुंची भारतीय टीम। (फोटो सोर्स: CricketGuru_CG)

Sai Sudharsan recovery underway at CoE: भारतीय शीर्ष बल्‍लेबाज साई सुदर्शन पैर के अंगूठे में चोट लगने की वजह से श्रीलंका रवाना नहीं हो सके हैं। वह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिकवरी पर हैं। जबकि शुभमन गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों के लिए कोलंबो पहुंच चुकी है। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो अगले तीन-चार दिन में साई सुदर्शन की उपलब्‍धता पर फैसला लिया जा सकता है। हालांकि अभी तक भारतीय बोर्ड की ओर से कोई किसी तरह का अपडेट नहीं दिया गया है।

सुदर्शन की रिकवरी और टूर शेड्यूल

भारतीय टीम 7 अगस्त से कोलंबो के नॉनडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब में तीन दिन का एक वार्म-अप मैच खेलेगी, जिसके बाद 15 अगस्त से गॉल में पहला टेस्ट खेला जाएगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, साई सुदर्शन पैर की अंगुली की चोट से उबरने के दौरान सेंटर ऑफ एक्‍सीलेंस में ट्रेनिंग कर रहे हैं और एक घंटे से ज्‍यादा समय नेट्स में बल्‍लेबाजी भी कर रहे हैं। उनकी उपलब्‍धता पर आखिरी फैसला लेने से पहले अगले तीन-चार दिनों में उनका असेसमेंट जारी रहेगा। ऐसे में उनका वार्म अप मैच खेलना भी मुश्किल है।

श्रीलंका दौरे पर ही चोटिल हुए थे साई सुदर्शन

बता दें कि सुदर्शन को हाल ही में इंडिया ए के श्रीलंका दौरे के दौरान यह चोट लगी थी। रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से कहा गया है कि यह पक्का करना होगा कि इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी से पहले वह पूरी तरह फिट हो जाएं। हम ऐसी दूसरी सिचुएशन नहीं चाहते जहां हर्षित राणा टॉप फ्लाइट क्रिकेट में वापसी के तुरंत बाद फिर से बीमार पड़ जाएं। दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में है और मेडिकल स्टाफ को उम्मीद है कि बाएं हाथ का यह खिलाड़ी टीम से जुड़ सकता है। लेकिन, जब तक वह पूरी तरह फिट नहीं हो जाएं कुछ कहा नहीं जा सकता है।

ये भारतीय दल पहुंचा श्रीलंका

केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जयसवाल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, आकिब नबी डार और सारांश जैन।

Updated on:
04 Aug 2026 08:57 pm
Published on:
04 Aug 2026 08:41 pm