
Salman Agha ODI Century: श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच खेली जा रही ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में सलमान आगा ने शानदार शतक जड़ दिया। उन्होंने 90 गेंदों में 10 चौके और एक छक्के की मदद से 107 रन की पारी खेली। श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले अचानक उनसे पहले कप्तानी छीन ली गई और फिर टीम से भी बाहर निकाल दिया गया। इससे पहले उन्हें टेस्ट टीम से भी ड्रॉप कर दिया गया था। इस शतक की बदौलत उन्होंने चयनकर्ताओं को करारा जवाब दिया। सलमान आगा का यह वनडे करियर का चौथा शतक है।
रावलपिंडी में खेले जा रहे इस मुकाबले में पाकिस्तान टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी। फखर जमान और सईम अयूब अच्छी शुरुआत नहीं दे पाए और दोनों ही बल्लेबाज 32 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। लेकिन इसके बाद पूर्व कप्तान बाबर आजम ने साद बैग के साथ मिलकर टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। बाबर आजम ने 57 गेंदों में 45 रन की पारी खेली, तो साद ने 40 गेंदों में 39 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल थे।
दोनों के आउट होने के बाद सलमान आगा और हसन नवाज ने टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। हसन नवाज 37 रन बनाकर आउट हुए, तो अराफात मिनहास के साथ मिलकर सलमान ने अपना शतक पूरा किया। अराफात 45वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हुए और उन्होंने 15 गेंदों में 18 रन की पारी खेली। इसके बाद 47वें ओवर में सलमान आगा भी अपना विकेट गंवा बैठे। उन्होंने 107 रन बनाने के बाद फर्नांडो की गेंद पर दासुन सनका को कैच दिया।
सलमान के शतकीय पारी की बदौलत पाकिस्तान की टीम 300 के पार पहुंचने में सफल रही। हालांकि, पुछल्ले बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन की वजह से पाकिस्तान की टीम आखिरी ओवरों में ज्यादा रन नहीं जोड़ सकी। 50वें ओवर की 5वां गेंद पर हारिस रऊफ के रन आउट होते ही पाकिस्तान पूरी टीम ऑलआउट हो गई। कप्तान शाहीन अफरीदी 13 रन बनाकर नाबाद रहे, तो रऊफ 4 गेंदों में खाता भी नहीं खोल पाए। श्रीलंका के लिए ईशान मलिंगा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट चटकाए, तो वहीं असिथा फर्नांडो ने तीन और दिलशान मदुशंका ने दो विकेट लिए।