क्रिकेट

दक्षिण अफ्रीका ने डिसाइडर में कीवियों को 33 रन से हराकर न्यूजीलैंड की धरती पर जीती पहली टी20 सिरीज

SA vs NZ: क्राइस्टचर्च में खेले गए पांचवें टी20 में दक्षिण अफ्रीका (South Africa) ने न्यूजीलैंड (New Zealand) को 33 रनों से हराकर सिरीज 3-2 से जीत ली। एस्टरहुइजेन की 33 गेंदों में नाबाद 75 रनों की विस्फोटक पारी से प्रोटियाज ने 187/4 बनाए, मगर कीवी टीम 154/8 पर सिमट गई।
2 min read
Mar 25, 2026
South Africa beats New Zealand in decider to win the series 3-2
साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 33 रनों से हराकर सिरीज अपने नाम की (फोटो: ANI)

SA vs NZ: क्राइस्टचर्च के हैगली ओवल में खेले गए पांचवें और निर्णायक टी20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका (South Africa) ने न्यूजीलैंड (New Zealand) को 33 रनों से मात देकर सिरीज 3-2 से अपने नाम कर ली है। यह न्यूजीलैंड की धरती पर साउथ अफ्रीका की पहली टी20 सिरीज जीत है, जो इसे एक ऐतिहासिक उपलब्धि बनाता है। सिरीज में 2-1 से पिछड़ने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने जिस तरह वापसी की, वह मानसिक तौर पर उनकी मजबूती को दर्शाता है।

एस्टरहुइजेन का तूफानी अर्धशतक

न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों ने कीवी गेंदबाजी का बखूबी सामना किया। वियान मुल्डर ने 31 और रूबिन हेरमन ने 39 रनों का योगदान दिया, मगर पारी के असली नायक कोनर एस्टरहुइजेन (Connor Esterhuizen) रहे, जिन्होंने महज 33 गेंदों में नाबाद 75 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी में 5 चौके और 6 छक्के शामिल थे। एस्टरहुइजेन की धाकड़ बल्लेबाजी प्रदर्शन की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 187 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

अफ्रीकी गेंदबाजों के आगे बेबस दिखे कीवी

188 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की शुरुआत ही बिखरी रही। पावरप्ले में वियान मुल्डर और ओटनेल बार्टमैन ने केटेन क्लार्क और डेन क्लीवर को सस्ते में पवेलियन लौटाया। न्यूजीलैंड के मिडिल ऑर्डर की कमर स्पिनर प्रेनेलान सुब्रेयेन ने तोड़ी, जिन्होंने बीच के ओवरों में रन गति पर लगाम लगाई और अपने 4 ओवरों में सिर्फ 5.50 की इकॉनोमी से 22 रन दिए। कप्तान केशव महाराज (Keshav Maharaj) ने एक विकेट झटका।

बेवन जैकब्स ने 36 रनों की पारी के साथ संघर्ष किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई मदद नहीं मिल सकी। जेराल्ड कोएट्जी ने 19वें ओवर में जोश क्लार्कसन और कोल मैकोंची दोनों के विकेट लेकर न्यूजीलैंड की उम्मीदें पूरी तरह खत्म कर दी। ब्लैककैप्स 8 विकेट के नुकसान पर 154 रन ही बना पाए, इसी के साथ मैच और सीरीज दोनों गंवाई।

एस्टरहुइजेन बने मैन ऑफ द सिरीज

सिरीज में अपनी बल्लेबाजी से अलग छाप छोड़ने वाले कोनर एस्टरहुइजेन को मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सिरीज दोनों खिताबों से नवाजा गया। सिरीज में खेली चार पारियों में 125 रन बनाने वाले इस 24 वर्षीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ने साबित किया कि वे दक्षिण अफ्रीका के भविष्य की बड़ी उम्मीद हैं।

न्यूजीलैंड इस सिरीज में मिशेल सेंटनर, डेवन कोनवे, लॉकी फर्ग्युसन और टॉम लेथम जैसे टॉप खिलाड़ियों के बिना खेली, फिर भी सिरीज को अंतिम मैच तक खींचने में सफल रही।