SA vs AFG: दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में छह विकेट पर 187 रन बनाए। क्विंटन डिकॉक और रियान रिकेल्टन ने दूसरे विकेट के लिए 61 गेंद में 114 रन जोड़े। डिकॉक 41 गेंद में 59 रन और रिकेल्टन 28 गेंद में 61 रन बनाए।
South Africa vs Afghanistan, T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 13वां मुक़ाबला दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच खेला जा रहा है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक और रेयान रिकेल्टन के ताबड़तोड़ अर्धशतक की मदद से अफगानिस्तान के सामने 188 रनों का लक्ष्य रखा है।
अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत खराब रही थी। कप्तान एडन मार्करम 8 गेंद पर 5 रन बनाकर पहले विकेट के रूप में फजलहक फारुखी का शिकार बने। 12 रन पर पहला विकेट गंवाने वाली टीम को क्विंटन डिकॉक और रयान रिकल्टन ने संभाला।
डिकॉक और रिकल्टन ने दूसरे विकेट के लिए 114 रन की साझेदारी की। यह साझेदारी 61 गेंदों पर आई। खतरनाक होती इस साझेदारी को अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने तोड़ा। राशिद ने पारी के 13वें ओवर की चौथी गेंद पर डिकॉक और छठी गेंद पर रिकल्टन को आउट कर विपक्षी टीम को दोहरा झटका दिया।
डिकॉक 41 गेंद पर 3 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 59 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रिकल्टन 28 गेंद पर 4 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 61 रन बनाकर आउट हुए। डेवाल्ड ब्रेविस 19 गेंद पर 1 छक्के और 1 चौके की मदद से 23 रन बनाकर आउट हुए। ट्रिस्टन स्टब्स फ्लॉप रहे और महज 1 रन बनाकर चलते बने।
डेविड मिलर (15 गेंद पर 20 रन) और मार्को जानसेन (7 गेंद पर 16 रन) ने आखिरी कुछ गेंदों पर तूफानी बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 187 तक पहुंचाया। अफगानिस्तान की तरफ से राशिद खान ने 4 ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट लिए। फजलहक फारुखी ने 4 ओवर में 32 रन देकर 1 विकेट लिए। ऑलराउंडर अजमतुल्ला ओमरजाई ने 4 ओवर में 41 रन देकर 3 विकेट लिए।