DPL 2025: कप्तान आयुष बडोनी की कप्तानी वाली साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स की मुश्किलें बढ़ती ही जा रहीं हैं। सोमवार रात उसका वेस्ट दिल्ली लायंस के खिलाफ मुकाबला बारिश के चलते रद्द हो गया। अब यहां से उसका प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करना बेहद मुश्किल नजर आ रहा है।
DPL 2025: साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स और वेस्ट दिल्ली लायंस के बीच सोमवार को दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 (DPL 2025) का 34वां मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा। अरुण जेटली स्टेडियम में बारिश से प्रभावित यह मुकाबला काफी देरी से शुरू हुआ। बारिश बाधित मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्ट दिल्ली लायंस की टीम ने 7 विकेट खोकर 98 रन बनाए। इसके जवाब में आयुष बडोनी की अगुवाई वाली सुपरस्टार्स ने 3.4 ओवरों में दो विकेट गंवाकर 48 रन बना लिए थे, लेकिन बारिश हो गई और बारिश रुकती न देख मैच को रद्द कर दिया गया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी वेस्ट दिल्ली लायंस की टीम महज सात ही ओवर खेल सकी। इस टीम ने 7 विकेट खोकर 98 रन बनाए। टीम को 24 रन पर अंकित कुमार के रूप में शुरुआती झटका लगा। अंकित 9 गेंदों में 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद कप्तान नितीश राणा ने टीम को संभालने की कोशिश की। उन्होंने महज 8 गेंदों में 2 छक्कों और तीन चौकों के साथ 25 रन जुटाए। उनके अलावा ऋतिक शौकीन ने 15, जबकि तिशांत डाबला ने 16 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी टीम की ओर से सुमित कुमार बेनीवाल, दिग्वेश राठी और कप्तान आयुष बडोनी ने 2-2 विकेट झटके।
इसके जवाब में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स की टीम को सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। अनमोल शर्मा ने कप्तान आयुष बडोनी के साथ 1.4 ओवरों में 32 रन जुटाए। अनमोल 6 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए, जबकि बडोनी ने 6 गेंदों में 14 रन की पारी खेली। यहां से कुंवर बिधूड़ी (नाबाद 8) और तेजस्वी दहिया (नाबाद 2) ने मोर्चा संभाला, लेकिन 3.4 ओवरों के खेल के बाद बारिश ने मुकाबले में फिर से दखल दिया। टीम उस समय तक दो विकेट गंवाकर 48 रन बना चुकी थी। विपक्षी खेमे से शुभम दुबे और मयंक गुसाईं एक-एक विकेट हासिल कर चुके थे। इसके बाद मुकाबला फिर से शुरू नहीं हो सका।
साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स इस सीजन 8 में से तीन मुकाबले जीतकर अंकतालिका में पांचवें स्थान पर मौजूद है, जबकि 9 में से चार मैच जीतकर वेस्ट दिल्ली लायंस तीसरे पायदान पर है। ईस्ट दिल्ली राइडर्स फिलहाल अगले दौर के लिए क्वालीफाई करने वाली इकलौती टीम है। अब यहां से सुपरस्टार्स का प्लेऑफ में पहुंचना मुश्किल नजर आ रहा है। उसे यहां से अगले दोनों मैच जीतने होंगे। और वह भी बड़े अंतर से जीतने होंगे, क्योंकि फिलहाल टॉप चार टीमों का नेट रन रेट प्लस में है और सुपरस्टार्स का माइनस में है।