
Sri Lanka vs India 1st Test: भारत बनाम श्रीलंका दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 15 अगस्त को गॉल में हो गया है। गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। टॉस जीतकर कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि अच्छा विकेट लग रहा है और मौसम भी अच्छा है। हम पहले बैटिंग करना पसंद करेंगे। हम उसी प्लेइंग इलेवन के साथ उतर रहे हैं, जो पिछले मैच में खेली थी। हमारे पास पांच गेंदबाज दो फास्ट बॉलर और तीन स्पिनर हैं। हमारे लिए यह स्वतंत्रता दिवस और 600वां टेस्ट मैच है, इसलिए हम इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
वहीं, श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने कहा कि पिच काफी अच्छी लग रही है। मैं भी पहले बैटिंग करने की उम्मीद कर रहा था। यह काफी सूखी भी है। पथुम निसांका की जगह निशान मदुष्का टीम शामिल हुए हैं। निरोशन डिकवेला कीपिंग करेंगे और केशरा आज श्रीलंका के लिए टेस्ट डेब्यू कर रहे हैं। हम दो फास्ट बॉलर, दो स्पिनर, और दो ऑलराउंडर के साथ उतर रहे हैं। गॉल में यह 50वां टेस्ट मैच है, इस टेस्ट मैच का हिस्सा बनकर बहुत खुश हूं।
श्रीलंका के लिए ऑफ स्पिनर केशर नुवांथा गॉल में अपना इंटरनेशनल डेब्यू कर रहे हैं। 25 साल के इस खिलाड़ी को मैच से पहले टेस्ट कैप सौंपी गई। उन्होंने वार्म-अप मैच में केएल राहुल, शुभमन गिल और ऋषभ पंत को आउट किया था। इस वजह से उन्हें पहली बार श्रीलंका की सीनियर टीम में जगह मिली है।
बता दें कि इस मैच में टॉस जीतना भारत के लिए इस मैदान पर काफी फायदे का सौदा साबित हो सकता है, क्योंकि यहां पहले तीन दिन बल्लेबाजों को मदद मिलती और फिर चौथे दिन स्पिनर्स का जादू देखने को मिलता है। इसी वजह से श्रीलंकाई टीम ने दो स्पेशलिस्ट स्पिनर को प्लेइंग इलेवन में जगह दी है।
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, शुभमन गिल (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेट कीपर), रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
लाहिरू उदारा, निशान मदुश्का, दिनेश चांदीमल, कामिंडू मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेट कीपर), केशर नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो।