नेट्स पर अभ्यास के दौरान Vijay Shankar injured होने से टीम इंडिया के फैंस चिंतित हैं। बीसीसीआई ने कहा कि विजय शंकर पूरी तरह स्वस्थ है।
नई दिल्ली। ICC विश्व कप 2019 ( ICC World Cup 2019 ) में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक और बुरी खबर है। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में पहली बॉल पर विश्व कप में अपना पहला विकेट लेने वाले आलराउंडर विजय शंकर चोटिल ( Vijay Shankar injured ) हो गए हैं। बुधवार को टीम इंडिया के उदयीमान खिलाड़ी विजय शंकर ( Vijay Shankar ) को अभ्यास सत्र के दौरान पैर की उंगली में चोट लगी, जिसके बाद विजय अभ्यास नहीं कर सके।
बुमराह की एक यॉर्कर पर चोटिल हुए विजय शंकर
विजय शंकर नेट्स में बुमराह की बॉलिंग पर बैटिंग कर रहे थे, तभी बुमराह की एक यॉर्कर उनकी पैर की उंगुली में जा लगी। तेज दर्द होने के कारण विजय शंकर को मैदान छोड़कर जाना पड़ा और उसके बाद बुधवार को वो अभ्यास के लिए नहीं लौटे। अगले दिन भी विजय शंकर अभ्यास नहीं कर सके। वहीं टीम के सूत्रों से मिली खबर थोड़ी राहत देने वाली है। कहा जा रहा है कि विजय शंकर की चोट गंभीर नहीं है वो जल्दी ठीक हो जाएंगे। टीम के फिजियो उनकी चोट पर नजर रख रहे हैं।
विजय शंकर के घायल होने पर बुमराह ने दुख जताया
अभ्यास सत्र के दौरान अपनी बॉल पर विजय शंकर के घायल होने पर विश्व के नंबर-1 गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि नेट्स में अभ्यास के दौरान किसी बल्लेबाज को घायल करने की मेरी मंशा नहीं थी। बुमराह ने आगे कहा कि नेट्स पर अभ्यास करते हुए कई बार ना चाहते हुए भी खिलाड़ी चोटिल हो जाते हैं। अंत में बुमराह ने टीम के फैंस को भरोसा देते हुए कहा कि दुर्भाग्यवश बॉल लगने से विजय चोटिल हो गए हैं, लेकिन अब वह पूरी तरह से स्वस्थ हैं।
घायल होने से पहले अच्छी फार्म से थे तीनों खिलाड़ी
विश्व कप जीतने के इरादे से इग्लैंड में खेल रही टीम इंडिया को विजय शंकर के रूप में तीसरा बड़ा झटका लगा है। इसे संयोग ही कहेंगे कि विश्व कप में चोटिल होने वाले सभी खिलाड़ी अच्छी फार्म थे। धवन ने चोटिल होने से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार शतक जमाया था। भुवनेश्वर कुमार ने पाकिस्तान के खिलाफ चोटिल होने से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 विकेट झटके थे। जबकि विजय शंकर ने अच्छी बल्लेबाजी के साथ विश्व कप में डाली अपनी पहली ही बॉल पर इमान-उल-हक का विकेट लिया था। बीसीसीआई ने एक आधिकारिक बयान जारी करके विजय शंकर के पूरी तरह से ठीक होने की बात कही।