
Women’s Big Bash League: क्रिकेट फैंस के लिए महिला बिग बैश लीग (WBBL) 2026 का रोमांच शुरू हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया की इस लोकप्रिय टी20 लीग के 12वें सीजन में दुनिया की कई दिग्गज महिला क्रिकेटर अपना दमखम दिखाती नजर आएंगी। टूर्नामेंट का आगाज 29 अक्टूबर 2026 से हो चुका है, जबकि इसका फाइनल मुकाबला 5 दिसंबर को खेला जाएगा। ऐसे में भारतीय क्रिकेट फैंस भी इस लीग के मुकाबलों का लाइव आनंद लेना चाहते हैं। आइए जानते हैं कि भारत में WBBL 2026 के मैच कब और कहां देख सकते हैं।
यदि आप भारत में महिला बिग बैश लीग 2026 के मुकाबले देखना चाहते हैं तो आपके लिए लाइव स्ट्रीमिंग का विकल्प उपलब्ध है। भारतीय दर्शक फैन कोड (Fan Code) ऐप और वेबसाइट पर WBBL 2026 के मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं। हालांकि, मुकाबलों की उपलब्धता और प्रसारण से जुड़ी जानकारी के लिए फैन कोड पर मैच शेड्यूल चेक करें। टीवी प्रसारण को लेकर फिलहाल स्पष्ट पुष्टि नहीं है।
महिला बिग बैश लीग के 12वें सीजन में कुल 43 मुकाबले खेले जाएंगे। इसमें 40 लीग मैच और तीन नॉकआउट मुकाबले शामिल हैं। टूर्नामेंट में कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। लीग चरण के मुकाबले 29 अक्टूबर से 29 नवंबर तक खेले जाएंगे। इसके बाद नॉकआउट, चैलेंजर और फाइनल मुकाबले होंगे।
भारतीय समयानुसार मुकाबलों की शुरुआत आमतौर पर सुबह 10:10 बजे और दोपहर 1:40 बजे से हो रही है। हालांकि, मैच के दिन और ऑस्ट्रेलिया के अलग-अलग वेन्यू के अनुसार समय में बदलाव हो सकता है।
इस सीजन में एडिलेड स्ट्राइकर्स, ब्रिस्बेन हीट, होबार्ट हरिकेंस, मेलबर्न रेनेगेड्स, मेलबर्न स्टार्स, पर्थ स्कॉर्चर्स, सिडनी सिक्सर्स और सिडनी थंडर की टीमें खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरेंगी।
महिला बिग बैश लीग 2026 का फाइनल मुकाबला 5 दिसंबर को खेला जाएगा। लीग चरण में शीर्ष स्थान पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी। वहीं तीसरे और चौथे स्थान की टीमें नॉकआउट मुकाबला खेलेंगी। इसकी विजेता टीम चैलेंजर में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से भिड़ेगी। चैलेंजर की विजेता को फाइनल का टिकट मिलेगा।