
हांगकांग सिक्सेस (फोटो- Hong Kong Sixes X)
Hong Kong Sixes Final, AUS vs AFG: हांगकांग सिक्सेस 2026 के खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया का सामना अफगानिस्तान से होगा। ऑस्ट्रेलिया की टीम एक बार खिताब जीत चुकी है और अब दूसरी बार खिताब जीतना चाहेगी, वहीं अफगानिस्तान की टीम पहली बार फाइनल में पहुंची है। आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया ने 2010 में अपना खिताब जीता था। उसके बाद से वह फाइनल से दूर रही है। हालांकि इस बार दोनों टीमें अजेय रहते हुए खिताबी मुकाबले में पहुंची हैं।
डिफेंडिंग चैंपियन पाकिस्तान प्लेट ग्रुप का फाइनल खेलेगी, तो वहीं पांच बार की चैंपियन साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड बाउल ग्रुप का फाइनल खेलेंगे। टीम इंडिया का इस टूर्नामेंट में प्रदर्शन निराशाजनक रहा और अब तक एक भी जीत हासिल नहीं कर पाने की वजह से वह अपना आखिरी मुकाबला बांग्लादेश से खेलेगी, जहां हारने वाली टीम 12वें स्थान पर पहुंचेगी और जीतने वाली टीम को 11वां स्थान मिलेगा। भारत के साथ बांग्लादेश ने भी एक भी मुकाबला नहीं जीता है लेकिन 1 नवंबर को किसी एक टीम को जीत मिल जाएगी।
भारतीय टीम को पहले ही मुकाबले में पाकिस्तान के हाथों हार मिली थी, तो दूसरे मुकाबले में उसे यूएई ने हरा दिया था। उसके बाद बाउल ग्रुप के सेमीफाइनल-2 में भारतीय टीम को इंग्लैंड से हार का सामना करना पड़ा, जिसकी वजह से अब टीम इंडिया बांग्लादेश से भिड़ेगी, जिसने भी अब तक कोई मुकाबला नहीं जीता है।
दूसरी ओर, खिताबी मुकाबले में पहुंचने वाली टीमों की बात की जाए तो ऑस्ट्रेलिया ने अपने पहले ही मुकाबले में मेजबान हांगकांग को हरा दिया था, तो वहीं अफगानिस्तान ने साउथ अफ्रीका को हराया था। ऑस्ट्रेलिया ने अपने दूसरे मैच में इंग्लैंड को हराया था, तो अफगानिस्तान ने ओमान को मात देकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल मुकाबले में यूएई को हराया, तो अफगानिस्तान ने स्कॉटलैंड को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।
आपको बता दें कि यह मैच 1 नवंबर को भारतीय समयानुसार 12:40 बजे शुरू होगा, जिसे सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और फैनकोड पर लाइव देखा जा सकता है। टीम इंडिया का मुकाबला बांग्लादेश से सुबह 7.10 बजे शुरू होगा। बाउल ग्रुप का फाइनल जीतने वाली टीम को 9वां स्थान मिलेगा और हारने वाली टीम को 10वां, जबकि 7वें और 8वें स्थान के लिए सुबह 8.05 मिनट पर श्रीलंका और हांगकांग की टक्कर होगी। प्लेट ग्रुप का फाइनल ओमान और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा और जीतने वाली टीम को 5वां स्थान मिल जाएगा और हारने वाली टीम छठे स्थान पर रहेगी।
तीसरे और चौथे स्थान के लिए मुकाबले में यूएई और स्कॉटलैंड की टक्कर होगी। तो वहीं पहले और दूसरे स्थान के लिए ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान आमने सामने होंगी।
Updated on:
31 Oct 2026, 4:08 PM IST
Published on:
31 Oct 2026, 4:08 PM IST
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.