
WI vs ENG 4th T20 Highlights: वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का चौथा मुकाबला आज सेंट लूसिया में खेला गया। मेजबान विंडीज ने इस मुकाबले को 5 विकेट से जीतकर सीरीज में पहली जीत दर्ज की है। इंग्लैंड ने पहले ही सीरीज के तीन मुकाबले जीतकर अजेय बढ़त बना रखी है लेकिन चौथे मैच में इंग्लैंड की टीम 219 रन का टारगेट रखकर भी बेबस दिखी। शाई होप और एविन लुईस ने क्रीज पर उतरते ही चौके-छक्कों की बारिस शुरू कर दी और दोनों धमाकेदार अर्धशतकीय पारियां खेलते हुए विंडीज की जीत में अहम भूमिका निभाई। अब सीरीज 3-1 से इंग्लैंड के पक्ष में है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 218 रन स्कोर बोर्ड पर टांगे। फिल सॉल्ट ने 35 गेंदों पर 5 चौके और चार छक्कों की मदद से 55 रन तो जैकब बेथेल ने 32 गेंदों पर 4 चौके और 5 छक्कों की सहायता से नाबाद 62 रन की पारी खेली।
इंग्लैंड के 219 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज शाई होप और एविन लुईस ने आते ही चौकों-छक्कों की बारिश शुरू कर दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए महत्वपूर्ण 136 रन की साझेदारी की। शाई होप ने 24 गेंदों पर 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 54 रन तो लुईस ने 31 गेंदों पर 4 चौके और 7 छक्कों की मदद से 68 रनों की अर्धशतकीय पारियां खेलीं।
10वें ओवर में दोनों सलामी बल्लेबाज बैक टू बैक आउट हो गए। रेहान अहमद ने पहली गेंद पर लुईस का शिकार किया तो दूसरी गेंद पर शाई होप रन आउट हो गए। फिर रेहान ने तीसरी गेंद पर निकोलस पूरन को पवेलियन भेज टीम की हैट्रिक पूरी की। इसके बाद विंडीज की टीम बैकफुट पर आ गई लेकिन कप्तान रोवमैन पॉवेल ने 38 रन और शेरफेन रदरफोर्ड ने 29 रनों की पारी खेलते हुए एक ओवर पहले ही 219 के लक्ष्य को हासिल कर लिया।