क्रिकेट

WPL 2025 Final, DC vs MI Head To Head : दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस इतनी बार हो चुकी हैं आमने-सामने, जानें किसका पलड़ा भारी

WPL 2025 Final, DC vs MI Head To Head: महिला प्रीमियर लीग 2025 में दिल्ली कैपिटल्स का पलड़ा अब तक मुंबई इंडियंस पर भारी रहा है। दिल्ली कैपिटल्स ने इस सीजन मुंबई इंडियंस से कुल 2 मैच खेले हैं, जिसमें सभी मुकाबलों में जीत हासिल की है।

2 min read
Mar 14, 2025
Feature image

WPL 2025 Final, DC vs MI Head To Head: महिला प्रीमियर लीग 2025 का फाइनल दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच 15 मार्च को भारतीय समयानुसार शाम 7ः30 बजे से खेला जाएगा। दिल्ली कैपिटल्स टीम की कमान मेग लैनिंग के हाथों में हैं जबकि मुंबई इंडियंस टीम का नेतृत्व हरमनप्रीत कौर कर रही हैं। मुंबई इंडियंस ने ब्रेबॉर्न स्टेडियम में 13 मार्च को खेले गए एलिमिनेटर मुकाबले में गुजरात जायंट्स को 47 रन से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई है। इस मैच में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 213/4 का स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में गुजरात जायंट्स की टीम 19.2 ओवर में 166 रनों पर ढेर हो गई।

एलिमिनेटर में जीत के साथ मुंबई इंडियंस अब फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी। यह मुकाबला उद्घाटन सत्र 2023 के फाइनल की पुनरावृत्ति जैसा होगा, जिसमें मुंबई इंडियंस ने दिल्ली को हराकर खिताब जीता था। हालांकि, इस सीजन में दिल्ली ने मुंबई को दो बार मात दी है, जिससे फाइनल में एक रोमांचक जंग की उम्मीद है।

लगातार तीसरी बार WPL फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स

महिला प्रीमियर लीग के इतिहास पर नजर डालें तो फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स पर मुंबई इंडियंस का पलड़ा भारी रहा है। पहले सीजन (WPL 2023) में मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें फाइनल में पहुंची। उस फाइनल मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 7 विकेट से हराया था।

वहीं, इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स दूसरे सीजन यानी WPL 2024 के फाइनल में पहुंची थी, जहां उसका सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से था। उस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हराया था।

DC-W vs MI-W: WPL हेड टू हेड रिकॉर्ड

महिला प्रीमियर लीग के इतिहास में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच कुल 7 बार भिड़ंत हुई हैं। इन मुकाबलों में दिल्ली कैपिटल्स को मुंबई इंडियंस से कड़ी टक्कर मिली है। दिल्ली कैपिटल्स ने 4 मैच में मुंबई इंडियंस पर जीत हासिल की है जबकि 3 मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है।

वहीं, महिला प्रीमियर लीग 2025 में दिल्ली कैपिटल्स का पलड़ा अब तक मुंबई इंडियंस पर भारी रहा है। दिल्ली कैपिटल्स ने इस सीजन मुंबई इंडियंस से कुल 2 मैच खेले हैं, जिसमें सभी मुकाबलों में जीत हासिल की है। वडोदरा में 15 फरवरी 2025 को हुए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 2 विकेट से हराया था। वहीं, बेंगलुरु के एमए चिन्ना स्वामी स्टेडियम में 28 फरवरी 2025 को हुए मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी थी।

Published on:
14 Mar 2025 03:04 pm