
नई दिल्ली। इंग्लैंड के खिलाफ खेली जाने वाली पांच टेस्ट मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हो चुके भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज रिद्धिमान साहा की टीम में वापसी कंधे की नई चोट के कारण और टल गई है। साहा को यह चोट राष्ट्रीय क्रिकेट अकादामी (एनसीए) में लगी। साहा पहले ही अंगूठे की चोट के कारण टीम से बाहर चल रहे थे और एनसीए में अपनी उसी चोट से बाहर आ रहे थे, लेकिन इसी दौरान उन्हें यह नई चोट लगी। दरअसल ये चोट राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के फिजियोने की गलती के कारण उभर आई है।
जिम करते वक़्त लगी चोट
जी हां! साहा राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) अपनी अंगूठे की चोट से उबरने के लिए आए थे लेकिन वहां फिजियोने की गलती के कारण उनके कंधे में गंभीर चोट लग गई है जिसके चलते उन्हें भारतीय टीम से कुछ महीने और दूर रहना पड़ेगा। साहा के करीबी सूत्रों के मुताबिक उन्हें एनसीए में उनके फिजियोने की गलती की वजह से जिम करने के दौरान यह चोट लगी। अंगूठे की चोट के कारण साहा अफगास्तिान के खिलाफ खेले गए एक मात्र टेस्ट मैच में नहीं खेले थे। उम्मीद थी कि वो इंग्लैंड के खिलाफ खेली जाने वाली टेस्ट सीरीज से वापसी कर लेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। उनके स्थान पर पहले तीन टेस्ट मैचों के लिए दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत को टीम में जगह मिली है। साहा ने अपना आखिरी टेस्ट मैच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केप टाउन में खेला था। खबर आयी है के साहा अगले महीने ब्रिटेन में कंधे की सर्जरी कराएंगे। साहा की चोट ज्यादा गंभीर है ऐसे में वे इस साल के आखिरी में होने वाले ऑस्ट्रेलिया दौरे से भी बाहर हो सकते हैं।
कार्तिक को मिला मौका
बता दें साहा के स्थान पर इंग्लैंड सीरीज के लिए युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली है। वहीं, तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी टीम में वापसी करने में सफल रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर होने वाले जसप्रीत बुमराह को भी टीम में जगह मिली है लेकिन वो चोट के कारण पहले टेस्ट मैच में उपलब्ध नहीं रहेंगे। पंत के अलावा दिनेश कार्तिक के रूप में दो विकेटकीपर चुने हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच में कार्तिक ने टेस्ट टीम में आठ साल बाद वापसी की थी। वहीं, भुवनेश्वर को तीसरे वनडे में चोट लग गई है इसलिए वो अभी टेस्ट टीम में नहीं चुने गए हैं। फिटनेस टेस्ट के आधार पर उनका चयन किया जाएगा।