क्रिकेट

Yuvraj Singh: युवराज सिंह बने दिल्ली कैपिटल्स के बैटिंग कोच

Delhi Capitals: युवराज सिंह IPL 2027 में दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ से जुड़ेंगे। सौरव गांगुली के साथ खेल चुके युवराज पहली बार लीग में औपचारिक कोचिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे।
2 min read
• •
Oct 13, 2026
ipl 2027
युवराज सिंह बने दिल्ली कैपिटल्स के बैटिंग कोच(फोटो-IANS)

IPL 2027: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। उन्हें IPL 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ में शामिल किया जा रहा है। वह टीम के बल्लेबाजों के साथ काम करेंगे और अपने अनुभव से खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देंगे।

युवराज सिंह ने भारत को 2007 टी20 विश्व कप और 2011 वनडे विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। अपने करियर के दौरान उन्होंने दबाव में बल्लेबाजी करने और बड़े मैचों में प्रदर्शन करने की क्षमता से खास पहचान बनाई। अब उनका अनुभव दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ियों के काम आएगा।

सौरव गांगुली के साथ फिर दिखेगी जोड़ी

दिल्ली कैपिटल्स के साथ युवराज का पुराना जुड़ाव रहा है। वह 2015 में दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए खेले थे। उस सीजन में फ्रेंचाइजी ने उन्हें 16 करोड़ रुपये में खरीदा था और उन्होंने टीम के सभी 14 मैच खेले थे। इस बार युवराज की सौरव गांगुली के साथ नई भूमिका में जोड़ी बनेगी। गांगुली को IPL 2027 के लिए दिल्ली कैपिटल्स का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। दोनों पहले भारतीय टीम के लिए साथ में खेल चुके हैं।

शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा को दे चुके हैं मार्गदर्शन

दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ने से पहले भी युवराज सिंह कई भारतीय खिलाड़ियों को व्यक्तिगत तौर पर कोचिंग देते रहे हैं। इनमें शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ी शामिल हैं, जो अब भारतीय टीम का अहम हिस्सा हैं। युवराज का अनुभव खास तौर पर बल्लेबाजी की तकनीक, बड़े मैचों के दबाव और खेल के अलग-अलग हालात में फैसले लेने के मामले में उपयोगी हो सकता है।

युवराज बोले- नई पारी शुरू करने के लिए उत्साहित हूं

दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ने पर युवराज सिंह ने खुशी जताई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइजी के साथ उनका पुराना संबंध है और टीम के मालिकों को भी वह अच्छी तरह जानते हैं, इसलिए यह मौका उनके लिए खास है। युवराज ने कहा कि वह इस बार सौरव गांगुली के साथ खिलाड़ी नहीं, बल्कि कोच के तौर पर काम करने को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कोचिंग उनके जुनून का हिस्सा है और वह प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ काम शुरू करने का इंतजार कर रहे हैं।

Updated on:
13 Oct 2026 07:26 pm
Published on:
13 Oct 2026 07:08 pm