
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर जोश हेडलवुड (File Photo- IANS)
South Africa vs Australia: ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला डरबन के किंग्समीड में खेला गया। इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साउथ अफ्रीका को 214 रनों से हराया। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। अब दोनों टीमों के बीच दूसरा टेस्ट 18 अक्टूबर से खेला जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया ने मैट रेनेशा के शानदार शतक (190 रन) की बदौलत पहली पारी में 390 रन बनाए, जिसके जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम 284 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह पहली पारी के आधार पर ऑस्ट्रेलिया ने मेजबान टीम पर 106 की बढ़त बनाई। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने छह विकेट पर 314 रन बनाकर अपनी दूसरी पारी घोषित कर दी। ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के सामने जीत के लिए कुल 420 रन का लक्ष्य रखा। मेजबान टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 206 पर ऑलआउट हो गई। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका से पहला टेस्ट 214 रन से जीता।
साउथ अफ्रीका पर ऑस्ट्रेलिया की जीत में जोश हेजलवुड का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने जहां मैच की पहली पारी में 2 विकेट लिए थे, वही दूसरी पारी में उन्होंने कुल 6 विकेट झटके। जोश हेजलवुड की घातक गेंदबाजी के सामने साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए। जोश हेजलवुड ने दूसरी पारी में रयान रिकेल्टन (2), डेविड बेडिंघम (46), वियान मुल्डर (29), मार्को जानसेन (35), साइमन हार्मर (0) और एनरिक नॉर्टजे (4) को आउट किया।
जोश हेजलवुड के अलावा कप्तान पैटकमिंस ने कुल 4 विकेट चटकाए। दोनो इनिंग को मिलाकर मिचेल स्टार्क ने 3, नाथन ल्योन ने 2, मैट रेनेशा ने 2 विकेट झटके, जबकि ब्यू वेबस्टर ने 1 विकेट लिया।
साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज एडेन मार्करम ने एक मात्र बल्लेबाज रहे जिन्होंने दूसरी इनिंग में अर्धशतक ठोका। उन्होंने 75 रन बनाए, जिसमें 10 चौके भी शामिल थे। उन्होंने पहली इनिंग में 37 रन की पारी खेली थी। डेविड बेडिंघम ने दूसरी इनिंग में 46 जबकि पहली इनिंग में 49 रनों का योगदान दिया। वियान मुल्डर ने दूसरी इनिंग में 29 और पहली इनिंग में 30 रन का योगदान दिया। मार्को जानसेन ने दूसरी इनिंग में 35 रन जबकि पहली इनिंग में 26 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से मैट रेनेशा ने खूब रन बटोरे। उन्होंने पहली इनिंग में 190 रन बनाने के बाद दूसरी इनिंग में 82 रन की पारी खेली। उन्हें इस प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पहली इनिंग में खाता खोल नहीं पाने वाले निक मैडिन्सन ने दूसरी इनिंग में 48 रन बनाए। कप्तान पैट कमिंस ने पहली इनिंग में 43 रन बनाने के बाद दूसरी इनिंग में नाबाद 32 रन बनाए। मार्नस लाबुशेन ने दोनों इनिंग में 37-37 रन बनाए। स्टीव स्मिथ ने पहली इनिंग में 25 तो दूसरी इनिंग में 27 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया ने टेम्बा बावुमा की कप्तानी 12 मैचों से चले आ रहे साउथ अफ्रीका के विजय रथ को रोक दिया है। साउथ अफ्रीका ने टेम्बा बावुमा की कप्तानी में अब तक कुल 13 टेस्ट मैच खेले। इनमें 11 मैच में जीत और 1 मुकाबले में हार मिली, जबकि एक मैच ड्रॉ रहा।
Updated on:
13 Oct 2026 06:24 pm
Published on:
13 Oct 2026 05:27 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
