
नई दिल्ली। पंजाब से एक सनसनीखेज मामला सामने आ रहा है। यहां लुधियाना में एक लड़की के साथ खौफनाक सलूक किया गया है। बताया जा रहा है कि घर में घुसकर लड़की पर तेजाब से हमला किया गया। इस घटना के बाद लड़की की हालत बेहद नाजुक है और पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
चार दिन पहले हुई थी सगाई
घटना जिले के टिब्बा इलाके की है। जानकारी के मुताबिक, कंचन (काल्पनिक नाम) की चार दिन पहले सगाई हुई थी। घरवाले काफी खुश थे। लेकिन, यह खुशी ज्यादा दिन नहीं टिकी। बताया जा रहा है कि गुरुवार को कंचन के घर पर किसी ने दस्तक दी और उसका नाम पुकारा। लड़की तुरंत दरवाजे पर पहुंची और गेट खोल दिया। लेकिन, उसने जैसे ही गेट खोला सामने खड़े शख्स ने उसपर तेजाब डाल दिया। एसिड अटैक में युवती पूरी तरह झुलस गई। वहीं,वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आनन-फानन में युवती को हॉस्पिटल में भर्ती किया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
सगाई से मामले को जोड़कर देख रही पुलिस
इधर, घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस वारदात को सगाई से जोड़कर देख रही है। कहा जा रहा है कि यह एकतरफा प्यार का मामला हो सकता है। लेकिन परिजनों ने ऐसी किसी भी बात से इनकार किया है। पीड़िता के पिता होजरी का काम करते हैं। युवती के दो छोटे भाई हैं। उसने कुछ समय पहले यूपी से ग्रेजुएशन और सिलाई का कोर्स किया है, फिर लुधियाना आकर घर में सिलाई शुरू कर दी थी। पुलिस को परिजन ने बताया कि युवक मुंह में कपड़ा बांधकर आया था। इसलिए, उसकी पहचान नहीं हो सकी। फिलहाल, मामले की छानबीन शुरू हो गई है। वहीं, पीड़ित परिवार के घर में मातम पसर गया है।