जोधपुर

Jodhpur: प्रॉपर्टी विवाद में चचेरे भाई ने पति-पत्नी पर चढ़ाई SUV और 15-20 फीट तक घसीटा, दंपति लगा रहे थे CCTV कैमरा

Cousin Brother Ran SUV On Couple: जोधपुर में प्रॉपर्टी विवाद के दौरान चचेरे भाई ने दंपती पर SUV चढ़ा दी और 15-20 फीट तक घसीटा जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी अशोक को गिरफ्तार कर SUV बरामद की।
less than 1 minute read
Nov 14, 2025
Feature image
आरोपी अशोक और घायल महिला की फोटो: पत्रिका

Property Dispute: जोधपुर के राजीव गांधी नगर थानान्तर्गत चोखा गांव के कच्छवाह नगर स्थित पैतृक भूखंड पर कब्जे को लेकर चल रहे विवाद में चचेरे भाई ने सीसीटीवी कैमरे लगा रहे दंपति पर एसयूवी चढ़ा दी। वह 15-20 फीट तक दोनों को घसीटते ले गया। गंभीर हालत में दोनों घायलों को परिजन अहमदाबाद ले गए। पुलिस ने जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

थानाधिकारी सुरेश पोटलिया ने बताया कि चोखा में कच्छवाह नगर निवासी सेठाराम कच्छवाह और चचेरे भाई अशोक के बीच क्षेत्र में ही पैतृक भूखंड पर मालिकाना हक को लेकर विवाद चल रहा है। वर्तमान में सेठाराम का भूखंड पर कब्जा है और विवाद कोर्ट में लम्बित है।

सेठाराम बुधवार देर शाम पत्नी छेनादेवी के साथ भूखंड पर सीसीटीवी कैमरे लगवा रहा था। इससे दूसरे पक्ष को बिजली कनेक्शन करने या अन्य कार्य का अंदेशा हुआ। इस पर एसयूवी लेकर अशोक वहां पहुंचा तो दंपति दरवाजा बंद कर रहे थे। अशोक और अन्य आवेश में आ गए और झगड़ा करने लगे। दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि तब अशोक ने एसयूवी स्टार्ट की और दंपति को कुचल दिया। दोनों एसयूवी में फंस गए। चालक उन्हें 15-20 फीट दूर तक घसीटते ले गया। इससे सेठाराम और पत्नी गंभीर घायल हो गए। उनके सिर और अन्य जगहों पर चोटें आईं। हो-हल्ला सुन अन्य परिजन व ग्रामीण वहां आए और घायल दंपति को मथुरादास माथुर अस्पताल ले गए, जहां से फिर उन्हें अहमदाबाद ले जाया गया।

उधर पुलिस ने घायल के भाई ज्ञानपाल की रिपोर्ट पर अशोक, उसके भाई दिनेश व महेश के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया। पुलिस ने अशोक पुत्र दौलतराम को गिरफ्तार किया। एसयूवी भी बरामद की गई।

Updated on:
14 Nov 2025 10:57 am
Published on:
14 Nov 2025 10:57 am