
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बने सिग्नेचर ब्रिज पर दर्दनाक हादसे की ख़बर है। सेल्फी लेने के चक्कर में दो युवकों की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक ब्रिज पर दो युवक सेल्फी लेने गए थे। दोनों युवक बाइक पर सवार थे। इसी दौरान सेल्फी लेते हुए उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई और वे पुल से नीचे रेत पर जा गिरे, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
सुबह करीब 9 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक हादसा शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे का है। सेल्फी लेते हुए पुल पर जिस जगह इन युवकों की बाइक टकराई, उस जगह एक बड़ा गैप था। इसी गैप की वजह से उनकी बाइक पुल से नीचे जा गिरी और युवकों की मौत हो गई।
उद्घाटन के साथ चर्चा में ब्रिज
आपको बता दें कि हाल ही में दिल्ली की आम जनता के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इस ब्रिज का उद्घाटन किया था। लेकिन उद्घाटन के साथ ही ब्रिज सेल्फी और खतरनाक स्टंट्स के लिए चर्चा में बना हुआ है। कुतुब मीनार से सभी ऊंचे इस ब्रिज को देखने के लिए आने वाले लोग कभी सड़क के बीचे में, तो कभी ब्रिज की केबल पर चढ़कर सेल्फी ले रहे हैं। लोग अपनी जान की पहवाह किए बिना ये काम कर रहे हैं, जो बेहद खतरनाक है।