गोंडा जिले के मोतीगंज थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी के लापता होने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान शहीद उर्फ मुबारक पुत्र जोखू उर्फ अहमद अली निवासी ग्राम चपरतल्ला, थाना मोतीगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे छजवा नहर पुल के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, ग्राम छजवा की रहने वाली एक महिला ने मोतीगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी करीब एक सप्ताह पहले घर से कुछ सामान लेने के लिए निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चला।