
नई दिल्ली। कर्नाटक से भाजपा विधायक पर हमले की खबर सामने आई है। यहां जेडीएस और कांग्रेस के गठबंधन वाली सरकार को गिराने के भाजपा के कथित प्रयास के बाद राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। जबकि सरकार गिराने की कोशिश के बीच लीक के हुई ऑडियो क्लिप के बाद सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। वहीं, ऑडियो से गुस्साए जेडीएस कार्यकर्ताओं ने भाजपा विधायक प्रीतम गौड़ा के हासन स्थित घर पर कथित हमला बोल दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए हमले की पुष्टि की।
जेडीएस ने एक ऑडियो रिकॉर्डिंग जारी की
उधर, जेडीएस ने बुधवार को एक ऑडियो रिकॉर्डिंग जारी की है। 80 मिनट की इस रिकॉर्डिंग में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा, जेडीएस विधायक नगनगौड़ा, बीजेपी के विधायकों शिवनगौड़ा नायक और प्रीतम गौड़ा के बीच कथित बातचीत के कुछ अंश हैं। रिकॉर्डिंग में जेडीएस-कांग्रेस की गठबंधन वाली सरकार को गिराने के प्रयास को लेकर की गई बातचीत है। जेडीएस कार्यकर्ताओं ने भाजपा विधायक गौड़ा पर गठबंधन की सरकार गिराने की साजिश का0 आरोप लगाते हुए उनके घर पर कथित रूप से हमला कर दिया।
भाजपा के एक कार्यकर्ता को सिर में गंभीर चोट
कार्यकर्ताओं ने उनके आवास पर पथराव किया। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि हमले में भाजपा के एक कार्यकर्ता को सिर में गंभीर चोट आई हैं। कार्यकर्ता को घायलावस्था में हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहीं, भाजपा की कर्नाटक इकाई ने मंगलवार को उस ऑडियो टेप की न्यायिक जांच की मांग की, जिसमें पार्टी नेता बी.एस.येदियुरप्पा और जनता दल सेक्युलर (जद-एस) विधायक नगनागौड़ा कांदाकुर के बेटे शरणागौड़ा के बीच कथित बातचीत में राज्य विधानसभा अध्यक्ष के. आर. रमेश कुमार का नाम आया है।