
कोच्चि। केरल के कोच्चि में एक सिरफिरे आशिक ने एक ऐसी वारदात को अंजाम दे दिया, जिसने इंसानियत की ही धज्जियां उड़ा दीं। दरअसल, इस सिरफिरे आशिक को प्यार में नाकाम साबित होना नागवार गुजरा और इसने एक तरफा प्यार में ही एक नाबालिग लड़की को जिंदा जला दिया। इसके बाद उसने खुद को भी आग लगा ली।
शादी से किया इनकार तो लड़की को लगा दी आग
दिल दहला देने वाली ये घटना कोच्चि के कोक्कानड इलाके की है। यहां गुरुवार तड़के 24 साल के सिरफिरे आशिक ने 17 साल की लड़की को जिंदा जला दिया और इसकी वजह ये थी कि लड़की ने शादी करने से इनकार कर दिया था। लड़का और लड़की दोनों की ही इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना के वक्त घर पर अकेली थी लड़की
जानकारी के मुताबिक, इस घटना के वक्त लड़की घर पर अकेली थी और इसकी जानकारी मिलते ही लड़का उसके घर पहुंच गया। यहां दोनों के बीच पहले तो वाद-विवाद हुआ। इसके बाद लड़के ने लड़की को आग के हवाले कर दिया।
घटना पर पुलिस ने दी ये जानकारी
हालांकि इस घटना पर पुलिस का कहना है कि 17 साल की एक लड़की को उसके दूर के रिश्तेदार मिधुन ने अगवा कर लिया था। लड़का उससे शादी करना चाहता था , लेकिन लड़की ने शादी करने से इनकार दिया, जिसके बाद मिधुन ने लड़की को जिंदा जला दिया।
इस घटना से पहले लड़का और लड़की के बीच का विवाद पुलिस तक भी जा चुका है, जहां दोनों के परिवारों के बीच बातचीत से मामला खत्म हो गया था और उस समय लड़के ने कहा था कि वो लड़की को कभी परेशान नहीं करेगा।