क्राइम

राखी मनाने इंदौर गए परिवार के सूने मकान में चोरी

सूने मकान और ट्रेन में यात्रा करने के दौरान दो घटनाएं सामने आई है। राखी मनाने गए परिवार के सूने मकान से 55 हजार की नगदी और चांदी के आभूषण ले गए। दूसरी तरफ रतलाम से भोपाल की यात्रा कर रहे परिवार की महिला के पर्स से भी सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी हो गए।
2 min read
Aug 31, 2026
ratlam news
सीसीटीवी कैमरे में कैद बदमाश

रतलाम. समता परिसर के एक और मकान में चोरी की वारदात सामने आई है। राखी मनाने इंदौर गए परिवार के सूने मकान का ताला तोडक़र अज्ञात चोर 45 हजार नगद और 40 ग्राम चांदी के आभूषण चुराकर ले गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।

फरियादी स्नेहल द्विवेदी पिता अमरीश द्विवेदी ने पुलिस को बताया कि 27 अगस्त की सुबह 7 बजे उसके पिता अमरीश द्विवेदी अजमेर गए थे और वह स्वयं, उसकी मां तृप्ति द्विवेदी तथा पत्नी अरुणीमा द्विवेदी राखी मनाने के लिए इंदौर चले गए थे। घर पर ताला लगा हुआ था। अगले दिन 28 अगस्त की शाम 5 बजे किरायेदार ने फोन लगाकर बताया कि घर मुख्य द्वार खुला हुआ है और ताला टूटा हुआ है। सूचना पर परिवार के साथ घर पहुंचा। घर की अलमारी से 45 हजार रुपए नगदी और करीब 40 ग्राम चांदी के आभूषण गायब थे। कोई अज्ञात बदमाश घर का ताला तोड़कर सारा सामान ले उड़ा।

सीसीटीवी में दिखे दो बदमाश

घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को परिवार ने चेक किया तो दो बदमाश घर के आसपास संदिग्ध हालत में घुमते हुए लाठी हाथ में लेकर दिखाई दिए। दो कैमरों में ये बदमाश कैद हुए हैं। पीडि़त ने पुलिस को सीसीटीवी कैमरे के फुटेज उपलब्ध करवाए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच में लिया है।

चलती ट्रेन में महिला का पर्स चोरी

रेलवे स्टेशन पर जनरल कोच में यात्रा के दौरान महिला यात्री के पर्स से 11 ग्राम सोने के आभूषण और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। जीआरपी थाना भोपाल से शून्य पर केस दर्ज करके असल कायमी के लिए रतलाम जीआरपी को भेजा गया है।

फरियादी बीरेन्द्र कुमार पिता कुंज बिहारी दुबे (34) निवासी आनंद कॉलोनी ने बताया कि 27 अगस्त को अपनी पत्नी खुशबू दुबे के साथ ट्रेन नंबर 19339 दाहोद-भोपाल एक्सप्रेस से रतलाम से भोपाल की यात्रा के लिए सुबह 8.30 बजे रेलवे स्टेशन रतलाम पहुंचा था। जनरल कोच में चढक़र सीट पर बैठने के बाद पत्नी ने देखा कि उसके पर्स की चैन खुली हुई है और अंदर रखा छोटा पर्स गायब है। कोई अज्ञात बदमाश ने पर्स की चैन खोलकर छोटा पर्स निकालकर चोरी कर लिया।

यह था छोटे पर्स में

चोरी गए पर्स में एक सोने का मंगलसूत्र 3 ग्राम, एक मनचली 3 ग्राम, एक सोने की अंगूठी 2 ग्राम, कान की झुमकी 3 ग्राम और नगद 6500 रुपए के साथ ही 3 एटीएम कार्ड रखे थे। सोने के आभूषण करीब 11 ग्राम है। रतलाम जीआरपी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

Updated on:
31 Aug 2026 12:06 pm
Published on:
31 Aug 2026 12:05 pm