
महिला ने 8 साल के मासूम को रौंदा, पिता बोले- मेरा अंश चला गया (Photo: X/ANI)
Megha Rawal Accident: मुंबई के बांद्रा पश्चिम इलाके में रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। जिजामाता गार्डन के सामने सड़क पार कर रहे 8 वर्षीय बच्चे अंश रविंद्र गुप्ता को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हादसे के मामले में 45 वर्षीय महिला मेघा रावल (Megha Rawal) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, हादसा रविवार दोपहर करीब 2:15 से 2:30 बजे के बीच बांद्रा पश्चिम स्थित जॉन बैप्टिस्ट रोड पर जिजामाता गार्डन के सामने हुआ। अंश सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार टोयोटा इनोवा क्रिस्टा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस और चश्मदीदों ने बताया कि आरोपी मेघा रावल कार चलाते समय मोबाइल फोन पर बात कर रही थीं। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और कार उसके ऊपर से गुजर गई।
हादसे के बाद अंश को तत्काल होली फैमिली अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
अंश के पिता रविंद्र गुप्ता ने कहा कि उनका बेटा उनका इकलौता बच्चा था और वह इस घटना से पूरी तरह टूट गए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें अचानक फोन और मैसेज के जरिए बच्चे के हादसे की जानकारी मिली।
रविंद्र गुप्ता ने कहा, "मेरे बेटे अंश के साथ जो हुआ, उसके लिए मुझे इंसाफ चाहिए। वह मेरी इकलौती संतान थी… उसे मुझसे छीन लिया गया है। मेरा सब कुछ छीन गया, मैं अब क्या करूं? मुझे बस इंसाफ चाहिए; बस यही चाहता हूं… मेरी पत्नी रो रही है… मैं काम पर था, मुझे हादसे की जानकारी नहीं थी, मुझे बुलाया गया, तब हादसे के बारे में पता चला।"
पुलिस ने मेघा रावल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत गैर इरादतन हत्या, धारा 281 के तहत सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही से वाहन चलाने और धारा 125 के तहत किसी व्यक्ति के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
इसके अलावा उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत खतरनाक तरीके से वाहन चलाने का मामला भी दर्ज किया गया है। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, मेघा रावल बांद्रा की रहने वाली हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह फिटनेस कोच और न्यूट्रिशनिस्ट हैं, इसके अलावा मेम्ज़ो कैंडी (Memzo Candy) की संस्थापक हैं। यह एक हेल्थकेयर ब्रांड है, जो फलों से बनी गमीज तैयार करता है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वाहन की रफ्तार और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही रही है।
Updated on:
31 Aug 2026 09:19 am
Published on:
31 Aug 2026 09:14 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
