
woman assault case marriage promise accused arrested, पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (Source-Patrika)
Singrauli Woman Assault Case: मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में शादी का झांसा देकर युवती से ज्यादती करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवती को बच्चा होने के बाद भी शादी से इनकार कर रहा था, जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपी घर से भागने की फिराक में था लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया था जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता आरोपी को स्कूल के समय से जानती थी। करीब दो-तीन वर्षों से दोनों के बीच बातचीत थी। आरोपी शादी का वादा कर युवती को अपने साथ ले गया। आरोप है कि 21 सितंबर 2024 को आरोपी उसे गोरबी बस स्टैंड से बैढ़न-बलियरी स्थित किराए के मकान में ले गया। जहां शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ गलत काम किया। अक्टूबर 2024 में युवती गर्भवती हो गई, लेकिन तब भी आरोपी ने शादी नहीं की और बहाने करता रहा।
पीड़िता की शिकायत के मुताबिक आरोपी जून 2025 में उसे अपने घर ले गया, लेकिन आरोपी के परिवार ने शादी कराने से मना कर दिया। इसके बाद आरोपी ने उसे घर के पीछे झोपड़ी बनाकर रखा। जुलाई में युवती ने बच्चे को जन्म दिया, लेकिन इसके बावजूद आरोपी ने शादी नहीं की। 25 मार्च 2026 को आरोपी युवती और बच्चे को बाहर कमाने जाने के बहाने मोरवा रेलवे स्टेशन लाया और दोनों को वहीं छोड़कर फरार हो गया था। इसके बाद पीड़िता ने मोरवा थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी और अब उसे मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक आरोपी घर से भागने की फिराक में था।
Updated on:
30 Aug 2026 10:36 pm
Published on:
30 Aug 2026 10:36 pm
