
छात्राओं कों बलिया नाला पार कराते ग्रामीण (फोटो सोर्स: Viral Video)
Singrauli News :मध्य प्रदेश के सिंगरौली में इन दिनों भारी बारिश का दौर जारी है। हालात ये हैं कि, जिले के लगभग सभी नदी-नाले उफान पर हैं। जिले में लगातार जारी बारिश के बीच एक बेहद चिंता बढ़ाने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। आपको बता दें कि, अपना भविष्य स्थापित करने की तैयारी कर रहे स्कूली छात्र जान जोखिम में डालकर उफनता नाला पार कर रहे हैं। दावा है कि, ये स्कूली बच्चे पढ़ाई करके घर लौटते वक्त उफनता नाला पार कर रहे हैं।
जानकारी सामने आई है कि, जिस समय स्कूली बच्चे नाला पार कर रहे थे, तभी अचानक ऊपरी क्षेत्र में हुई तेज बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव तेज हो गया। चंद सेकंडों के भीतर ही हालात ये हो गए थे कि, नाला पार कर रहे बच्चे बहने की स्थिति में पहुंच गए थे। गनीमत रही कि, मौके पर कई अन्य ग्रामीण भी मौजूद थे, जिन्होंने तत्परता दिखाते सभी बच्चों का हाथ पकड़कर सुरक्षित रूप से तेज बहाव के बीच से बाहर निकाला।
ये हैरान कर देने वाला मामला, जिले के अंतर्गत आने वाले कंजी ग्राम पंचायत के बरौहा गांव का बताया जा रहा है। यहां स्कूल से आने-जाने के दौरान छात्र बलिया नाला पार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक नाले का जल स्तर बढ़ गया। हालात ये हो गए की कई छात्र अपनी साइकिले साथ लेकर नाला पार कर रहे थे। लेकिन, तेज बहाव के बीच उनमें से दो छात्राओं की साइकिलें भी पानी में बह गईं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि, बच्चे घुटनों तक पानी के बीच नाला पार करने की कोशिश कर रहे हैं। बारिश के मौसम में उफनते नाले को इस तरह पार करना किसी बड़े हादसे को न्योता देने से कम नहीं है।
हालांकि, ग्रामीणों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। सभी बच्चों को सुरक्षित नाले के बहाव से बाहर निकाल लिया गया। घटना सामने आने के बाद एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम भेजने के निर्देश दिए हैं। सवाल ये है कि, बारिश के मौसम में जब नदी-नाले उफान पर हैं तो आखिर स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? एक हादसा टल गया, लेकिन अगली बार प्रशासन की तैयारी कितनी कारगर होगी, ये गौर करने वाली बात है।
Updated on:
26 Aug 2026 01:06 pm
Published on:
26 Aug 2026 01:06 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
