
snakebite road accident father son die mother critical, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर
Singrauli Snakebite Road Accident: मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। सिंगरौली के चितरंगी थाना क्षेत्र के नौगई पहाड़ स्थित अंधा मोड़ पर बुधवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। बेटे को सांप के डसने के बाद माता-पिता बाइक से अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन इसी दौरान रास्ते में बाइक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी और ये हृदयविदारक हादसा हो गया।
तहसील दुधमनिया के पोड़ी तृतीय गांव में रहने वाले प्रदीप पनिका (25) को बुधवार सुबह अपने घर में मवेशियों के लिए भूसा निकालते वक्त जहरीले सांप ने डस लिया था। प्रदीप के पिता श्रीलाल पनिका और मां इन्द्रकली बिना देर किए बेटे को बाइक से चितरंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाने के लिए निकले। बताया जा रहा है कि नौगई के जंगल क्षेत्र में स्थित अंधा मोड़ पर पहुंचते ही पिता श्रीलाल बाइक का संतुलन खो बैठे और बाइक सीधे करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि पिता श्रीलाल पनिका ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद तुरंत स्थानीय लोगों ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी तथा घायलों को बाहर निकालने में मदद की। घटना के बाद तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी पहुंचाया गया। जहां सर्पदंश से गंभीर रूप से पीड़ित प्रदीप पनिका ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह एक ही परिवार ने कुछ ही घंटों के भीतर पिता और पुत्र को खो दिया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल इन्द्रकली को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इंद्रकली पति और बेटे की मौत से बेखबर है और अभी मौत से जिंदगी की जंग लड़ रही है। घटना की जानकारी मिलते ही चितरंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दोहरी त्रासदी से पोड़ी तृतीय गांव सहित पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
Updated on:
29 Jul 2026 07:38 pm
Published on:
29 Jul 2026 07:06 pm
