
savita pradhan donates hair for cancer patient girl, सविता प्रधान, नगर निगम कमिश्नर, सिंगरौली (Source- Savita Pradhan Facebook Page)
Singrauli Savita Pradhan: मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले की नगर निगम कमिश्नर सविता प्रधान ने प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देने का उदाहरण पेश किया है। मध्य प्रदेश प्रशासनिक सेवा की वरिष्ठ अधिकारी सविता प्रधान ने एक प्रेरणादायक पहल करते हुए कैंसर से जूझ रही एक मासूम बच्ची के लिए अपने बाल दान कर दिए। सविता प्रधान ने ऐसा इसलिए किया ताकि बच्ची के लिए विग तैयार की जा सके और बीमारी के कठिन दौर में उसके चेहरे पर मुस्कान लौट सके।
यह पहल तब शुरू हुई जब सविता प्रधान की मुलाकात सोशल मीडिया के माध्यम से एक कैंसर पीड़ित बच्ची से हुई। बातचीत के दौरान बच्ची ने उनके बालों की तारीफ करते हुए कहा था कि उसे उनके बाल बहुत पसंद हैं। मासूम की इस इच्छा और उसकी बीमारी की पीड़ा को महसूस करते हुए सविता प्रधान ने अपने बाल दान करने का निर्णय लिया। सविता प्रधान ने बताया कि कैंसर का दर्द उनके परिवार के लिए भी नया नहीं है। उनकी मां तीन बार कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ चुकी हैं। यही वजह है कि वह कीमोथेरेपी के दौरान मरीजों को होने वाली मानसिक और शारीरिक परेशानियों को करीब से समझती हैं।
बाल कटवाने के बाद सविता प्रधान ने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें साझा करते हुए एक सकारात्मक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की पहचान केवल बाहरी सुंदरता से नहीं होती, बल्कि उसका आत्मविश्वास, सोच और संवेदनशीलता ही उसकी वास्तविक खूबसूरती होती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह अपने नए रूप के साथ पूरी सहजता से अपनी प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाएंगी।
सविता प्रधान का जीवन संघर्षों से भरा रहा है, नर्मदापुरम जिले के मड़ई गांव से निकलकर उन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा को अपना आधार बनाया। निजी जीवन की चुनौतियों का सामना करते हुए उन्होंने अपने बच्चों की जिम्मेदारी संभाली और मेहनत के बल पर सफलता हासिल की। वर्ष 2005 में उन्होंने पहले ही प्रयास में मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) परीक्षा उत्तीर्ण कर डीएसपी पद हासिल किया। इसके बाद वर्ष 2006 में 83वीं रैंक प्राप्त कर वह मध्य प्रदेश प्रशासनिक सेवा की अधिकारी बनीं।
Updated on:
02 Aug 2026 09:15 pm
Published on:
02 Aug 2026 09:15 pm
