
Damoh well incident: मध्य प्रदेश के दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुनिया गांव में मंगलवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। यहां सुबह-सुबह तीन बच्चों के निकली महिला वापस नहीं लौटी। लौटी तो बस उनके चले जाने की खबर। हादसे में महिला और उसके दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि पांच वर्षीय बेटी की जान बच गई।
घटना के बाद जब मां और बच्चों को ट्रेक्टर से गांव में लाया गया तो यह नजारा देख ग्रामीणों की आंखें नम हो गई। फिलहाल महिला के इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मृतका की पहचान मंजू पति नेतराम उर्फ निजाम सिंह गौण (28) के रूप में हुई है। हादसे में उसकी चार वर्षीय बेटी अन्नू और तीन वर्षीय बेटे अनुज की जान चली गई, जबकि पांच वर्षीय बेटी आरुषि को बचा लिया गया।
मंगलवार सुबह करीब 4 बजे मंजू अपने तीनों बच्चों को लेकर घर से निकली थी। मंजू घर से कुछ ही दूरी पर स्थित कुएं के पास पहुंची और घटना को अंजाम दिया। करीब आधे घंटे बाद प्रभात फेरी के लिए निकले ग्रामीणों ने बच्ची की आवाज सुनी। जब वे कुएं के पास पहुंचे तो महिला और तीनों बच्चे पानी में दिखे। ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों और अन्य लोगों को सूचना दी। इसके बाद सभी ने मिलकर चारों को कुएं से बाहर निकाला और उपचार के लिए पथरिया स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने मंजू, अन्नू और अनुज को मृत घोषित कर दिया, जबकि आरुषि की जान बच गई।
मंजू की सास अनूप रानी ने बताया कि परिवार के लोग दूसरे कमरे में सो रहे थे। उन्हें घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। सुबह पता चला कि बहू अपने तीनों बच्चों के घर से बाहर चली गई और उनकी जान चली गई।
हादसे में बची पांच वर्षीय आरुषि ने रोते हुए बताया कि उसकी मां ने पहले तीनों बच्चों को कुएं में पास लाकर वारदात को अंजाम दिया और फिर खुद भी वही काम किया जो उनसे बच्चों के साथ किया था। हालांकि, घटना के बाद बच्ची के बयान सहित सभी पहलुओं की जांच किया जाना जरूरी है।
घटना की जानकारी मिलने पर पथरिया थाना प्रभारी महेंद्र जगेत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। पुलिस ने प्रारंभिक जानकारी और पति के बयानों के आधार पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि मृतका का पति मजदूरी करता है। पति के अनुसार, दोनों के बीच किसी विवाद की जानकारी नहीं है। परिवार भी घटना के पीछे का कारण नहीं बता पा रहा है। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पीएम की कार्रवाई के बाद आगे की जांच की जाएगी।