दमोह डीपीसी ऑफिस का 10 से 15 साल पुराना रेकॉर्ड जलकर खाक,डीइओ ने दिए जांच के आदेश, गेट तोड़कर बुझाई आग
दमोह. शहर के मुख्य बाजार के बीच स्थित मागंज स्कूल परिसर में रविवार की दोपहर उस समय हड़कंप के हालात बन गए, जब यहां स्कूल परिसर में एक जर्जर भवन से आग की लपटें उठती आसपास के लोगों ने देखी। इसकी जानकारी पुलिस और प्रशासन को भेजी गई, इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं बाद में फायर बिग्रेड आधा घंटा बाद पहुंची। इस दौरान छोटा गेट होन के कारण वाहन प्रवेश में दिक्कत हुई, जिससे गेट ही तोडऩे की कार्रवाई की गई, इसके बाद ही आग बुझाने का काम शुरू किया गया।
बताया गया है कि मागंज स्कूल परिसर में स्थित वीर दुर्गादास हाईस्कूल के सामने बने जर्जर स्कूल भवन के कमरे में यह आग लगी थी। जिसमें कुछ किताबें, डीपीसी ऑफिस का पुराना रेकॉर्ड, फर्नीचर और दस्तावेज भी रखा होना बताया गया है। रविवार दोपहर आग की लपटें तेज हो गई थी। यहां पास ही रहने वाले मनोज सिंह ने बताया कि शनिवार की रात से धुंआ निकल रहा है। इसकी जानकारी वार्ड के लोगों के पास थी। बाद में रविवार की दोपहर यहां आग बढ़ गई। अंदेशा है कि जर्जर भर में खिड़की खुली होने के चलते किसी ने बीड़ी आदि फेक दी हो, इसके कारण आग बढ़ गई। हालांकि, आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
आग लगने की सूचना लगते ही पुलिस और राजस्व की टीम मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन नोहटा और बांदकपुर में फायरबिग्रेड लगी रहने के कारण शहर में एक भी वाहन नहीं था। ऐसे में पहले फायर बिग्रेड का इंतजार करना पड़ा। इसके बाद जैसे-तैसे वाहन पहुंचा तो वह संकरा गेट होने की वजह से अंदर नहीं जा पा रहा था। बाद में गेट तोड़कर अंदर वाहन ले जाया गया। इसके बाद ही फायर बिग्रेड ने काम शुरू किया और आग पर काबू पाया गया। इस दौरान शासकीय वीर दुर्गादास स्कूल प्राचार्य भी मौजूद रहे। बाद में डीइओ एसके नेमा ने भी मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।
यहां मौजूद लोगों ने बताया कि रात से आग लगी थी। दोपहर में आग और बढ़ गई। स्कूल से लगे हुए अनेक मकान और आसपास मुख्य बाजार भी है। ऐसे में आग बढ़ती देख और प्रशासन की टीम की देरी के कारण डर बढ़ गया था। प्रशासनिक टीम ने बताया कि यहां जर्जर हो चुके परिसर के दो कमरों में कुछ किताबें रखी थी, फर्नीचर रखा था, जबकि डीपीसी ऑफिस का 10 से 12 साल पुराना रेकॉर्ड रखा गया था। जो कि जलकर पूरी तरह राख हो गया है। बीआरसी दमोह को बचे हुए रेकॉर्ड को सुरक्षित रखवाने के निर्देश दिए गए हैं।
वर्शन
कलेक्टर के माध्यम से आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। जिसपर प्राचार्य,बीइओ, बीआरसी को तत्काल मौके पर भेजा गया। आग से कुछ पुस्तकें, डीपीसी ऑफिस का रेकॉर्ड, फर्नीचर और दस्तावेज जले हैं। पंचनामा बनाकर जांच कराई जा रही है, आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है।
एसके नेमा, डीइओ दमोह