MP News: 14 वर्षीय नाबालिग ने जनपद सदस्य पर लगाया था दुष्कर्म का आरोप, पुलिस कर रही थी तलाश।
MP News: मध्यप्रदेश के दमोह में भाजपा समर्थित जनपद सदस्य का शव रेलवे ट्रैक पर टुकड़ों में मिलने से हड़कंप मच गया। जिस जनपद सदस्य का शव पटरियों पर मिला है उस पर दो दिन पहले ही एक 14 साल की नाबालिग ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। आरोप है कि जनपद सदस्य के दुष्कर्म करने के बाद नाबालिग 5 महीने की गर्भवती हो गई। नाबालिग की शिकायत पर मामला दर्ज करने के बाद से पुलिस जनपद सदस्य की तलाश कर रही थी और शुक्रवार सुबह उनका शव पटरियों पर मिला।
शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे मगरोना थाना इलाके के समन्ना में ट्रेन की पटरियों पर शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव तीन टुकड़ों में था जिसे बरामद कर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव की पहचान कूदन आदिवासी निवासी फतेहपुर के तौर पर हुई। कूदन आदिवासी भाजपा समर्थित जनपद सदस्य थे और उनकी पत्नी फतेहपुर की सरपंच रह चुकी हैं। पुलिस ने बताया कि कूदन आदिवासी के खिलाफ एक 14 साल की नाबालिग से दुष्कर्म की शिकायत दर्ज हुई थी और पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।
कूदन आदिवासी के परिजनों ने चुनावी रंजिश के चलते झूठे रेप केस में फंसाए जाने से दुखी होकर आत्महत्या किए जाने की बात कही है। मृतक की पत्नी का कहना है कि उनके तीन बेटे और दस नाती-पोते हैं, गांव के कुछ लोगों ने चुनावी रंजिश के चलते पति को झूठे रेप केस में फंसवा दिया और वो ये बर्दाश्त नहीं कर पाए और ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। बहन ने बताया कि गुरुवार को भाई उके घर आए थे और झूठा रेप केस उनके खिलाफ दर्ज कराए जाने की बात बताई थी। शुक्रवार सुबह लापता हो गए और फिर खबर मिली कि उनका शव रेलवे ट्रैक पर मिला है।
बता दें कि बुधवार को एक 14 वर्षीय नाबालिग को उसके परिजन पेट दर्द होने पर अस्पताल में इलाज कराने के लिए आए थे। इलाज के दौरान जांच में नाबालिग के 5 महीने के गर्भवती होने का पता चला। नाबालिग के गर्भवती होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो नाबालिग ने जनपद सदस्य कूदन आदिवासी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। जिसके आधार पर पुलिस कूदन आदिवासी की तलाश कर रही थी। नाबालिग को मेडिकल टेस्ट के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था।