दमोह में धान खरीदी में धांधली
दमोह. जिले में चल रही धान खरीदी में इस दिनों जमकर धांधली चल रही हैं। यहां किसानों को कोई व्यवस्थाएं तो नहीं दी जा रही हैं, लेकिन उनसे हर काम की राशि ली जा रही है। सबसे बड़ी गड़बड़ी केंद्रों पर तौल में की जा रही हैं,अधिकांश किसानों का 400 से 700 ग्राम तक अधिक धान तौल में लिया जा रहा हैं। एक औसत के अनुसार 2 क्विंटल धान में ढाई किलो तक अधिक धान तौली जा रही हैं, जिससे 100 क्विंटल वाले किसान को 4 बोरी यानि सवा क्विंटल धान तक नुकसान हो रहा हैं। यह खरीदी जब हजारों क्विंटल में जाती हैं, तो 500 ग्राम का हिसाब भी अधिक हो जाता है। नमी के नाम पर इस तरह की धांधली लगभग सभी केंद्रों पर चल रही हैं।
पत्रिका ने किल्लाई, टिकरी बुजुर्ग, अभाना, जोरतला खुर्द, कुलुआ कुम्हारी,घटेरा बनवार सहित अन्य खरीदी केंद्रों पर पहुंचकर जायजा लिया। इस दौरान हर केंद्र पर इस तरह की धांधली देखने मिली। शासन द्वारा तय 40 किलो और 600 ग्राम बोरी मिलाकर 40 किलो 600 ग्राम का तौल करना निर्धारित है, लेकिन किसी केंद्र पर 41 किलो, किसी पर 41 किलो 200 ग्राम तक धान की तुलाई चल रही थी। किसान प्रीतम सिंह गोंड, मुकेश पटेल, हरिशंकर साहू ने बताया कि उनके द्वारा जब अधिक तौल करने का विरोध किया जाता है तो तुलाई रोक दी जाती है। धान में नमी होने की बात करके परेशान किया जाता है। ऐसे में कोई भी किसान इसका विरोध नहीं करता है।
पत्रिका ने कुलुआ कुम्हारी में देखा कि यहां एक खराब कांटे से तौल की जा रही थी, जिसमें सही वजह भी नहीं दिख रहा था। आगे का 4 दिख रहा था, इसके बाद सभी नंबर अंधूरे दिख रहे थे। यहां अंदाज में ही तुलाई चल रही थी। इसके अलावा यहीं पर 41 किलो 300 ग्राम तक तुलाई की जा रही थी। यहां पर कांटा सेट होने और तुलाई पर भी संदेह देखने मिला। यहां केंद्र प्रभारी आनंद जैन से कुछ किसानों से शिकायत भी करने की बात कही, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। यहां के किसानों ने बताया कि सर्वेयर हर किलो के हिसाब से रुपए ले रहे हैं। जिससे काफी परेशानी हो रही है।
जिले में नागरिक आपूर्ति निगम के रीजनल मैनेजर, एफसीआई के अधिकारी, खाद्य आपूर्ति निगम के अधिकारी के अलावा तहसीलदार, जिला सहकारी बैंक प्रबंधक और कलेक्टर भी धान खरीदी केंद्रों पर पहुंच रहे हैं, लेकिन अब तक कोई खास कार्रवाई नहीं हो सकी है। दो दिनों से टीमें अलग-अलग जगहों पर भ्रमण कर चुकी हैं, जबकि केंद्रों से शिकायतें भी बहुत पहुंच रही हैं। विदित हो कि जिले में धान खरीदी के ३४ केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें से किल्लाई और हरपालपुरा केंद्र को बदलकर दूसरे स्थानों पर शिफ्ट किया गया है।
13662 किसान अब तक कर चुके हैं धान विक्रय।
668538 क्विंटल खरीदी अब तक जिले में हुई।
510 क्विंटल खरीदी शुक्रवार को हुई।
13745 क्विंटल का परिवहन शेष।
2970 क्विंटल धान की जा चुकी है रिजेक्ट।
धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण अलग-अलग दलों द्वारा किया जा रहा है। किसान अधिक तुलाई की शिकायत करें, कार्रवाई की जाएगी।
लक्ष्मण रजावत, प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम दमोह