दतिया

दतिया में बवाल के बीच भाजपा का एक और मास्टरस्ट्रोक! ज्योतिरादित्य सिंधिया को बड़ी जिम्मेदारी मिलने की चर्चाएं

Jyotiraditya Scindia Datia By Election: दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित करने के बाद अब भाजपा के द्वारा केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को मुख्य चुनाव प्रभारी नियुक्त किए जाने की चर्चाएं, आधिकारिक आदेश जारी नहीं।
2 min read
Jul 11, 2026
jyotiraditya scindia
jyotiraditya scindia appointed datia by election incharge bjp, ज्योतिरादित्य सिंधिया (source- jyotiraditya scindia facebook page)

Datia By Election Jyotiraditya Scindia: मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा की ओर से आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी घोषित किए जाने से एक तरफ जहां दतिया में नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों में भारी नाराजगी है। वहीं दूसरी तरफ खबरें है कि इसी बीच भाजपा ने एक और मास्टर स्ट्रोक खेला है। भाजपा ने केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को दतिया उपचुनाव में मुख्य चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। ज्योतिरादित्य सिंधिया को दतिया उपचुनाव की जिम्मेदारी सौंपे जाने से सूबे की सियासत में हलचल पैदा हो गई है। हालांकि अभी इसे लेकर कोई आधिकारिक आदेश प्राप्त नहीं हुआ है लेकिन तमाम राजनीतिक ग्रुपों में इसकी चर्चाएं हैं।

चुनाव प्रचार व प्रबंधन संभालेंगे सिंधिया!

ग्वालियर-चंबल अंचल में मजबूत राजनीतिक पकड़ रखने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया को भाजपा की ओर से मुख्य चुनाव प्रभारी बनाकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपे जाने की जो खबरें विभिन्न सोशल मीडिया ग्रुप्स पर चल रही हैं। हालांकि अभी इसे लेकर कोई आधिकारिक आदेश नहीं हुआ है। सोशल मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक अब चुनाव अभियान की पूरी कमान संभालेंगे और माना जा रहा है कि सिंधिया की सक्रियता और क्षेत्र में लोकप्रियता के कारण भाजपा बूथ प्रबंधन, संगठन और चुनाव प्रचार को और मजबूत मिलेगी। हालांकि कुछ राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को दिए जाने के बाद दतिया में जो कार्यकर्ताओं में नाराजगी है और अगर सिंधिया को जिम्मेदारी दी जाती है तो उनके लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट करना चुनौती साबित हो सकता है।

नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने से नाराज हैं समर्थक

बता दें कि दतिया विधानसभा सीट पर नरोत्तम मिश्रा सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे थे, लेकिन पार्टी ने उनकी जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित किया। इस बात से नाराज नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने जमकर बवाल मचाया था और बाजार बंद कराने के साथ ही ग्वालियर-झांसी हाईवे भी जाम कर दिया था। शनिवार सुबह समर्थकों ने कई वाहनों में तोड़फोड़ करते हुए उन्हें पलट दिया था। नाराज समर्थकों ने उग्र प्रदर्शन करते हुए कई स्थानों पर पुलिस पर पथराव किया, इस घटना में पुलिस के कई अधिकारी और पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और जाम खुलवाया। इसके बाद दतिया शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा-163 लागू कर की गई है। ये आदेश आगामी फैसले तक प्रभावी रहेगा।

3 अगस्त को आएगा रिजल्ट

दतिया उपचुनाव में नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 13 जुलाई 2026 (सोमवार) निर्धारित की गई है। इसके बाद 14 जुलाई 2026 (मंगलवार) को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) होगी। वहीं, उम्मीदवार 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। मतदान 30 जुलाई 2026 (गुरुवार) को होगा, जबकि मतों की गणना 3 अगस्त 2026 (सोमवार) को होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 4 अगस्त 2026 (मंगलवार) को पूरी कर ली जाएगी।

Updated on:
11 Jul 2026 09:25 pm
Published on:
11 Jul 2026 09:06 pm