
Narottam Mishra Supporters Protest
Datia BJP Protest- मध्यप्रदेश के दतिया उपचुनाव में भाजपा नेता एवं पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट कट जाने के बाद उनके समर्थकों का बवाल शनिवार को दूसरे दिन भी जारी है। सुबह से ही उनके समर्थकों ने नेशनल हाईवे-44 को जाम कर दिया। कई वाहनों में तोड़फोड़ करते हुए उन्हें पलट दिया। नाराज समर्थकों ने उग्र प्रदर्शन करते हुए कई स्थानों पर पुलिस पर पथराव किया, इस घटना में पुलिस के कई अधिकारी और पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। पुलिस ने जाम लगा रहे कई कार्यर्ताओं को हिरासत में लिया है और जाम को खुलवा दिया है।
दतिया के पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने कहा कि शुक्रवार शाम से ही तीन हजार से अधिक उपद्रवियों ने शहर का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया है। उपद्रवियों ने पहले तो बाजार बंद कराने की कोशिशें की और शाम 6 बजे से ही हाईवे पर जाम लगाकर बैठ गए। कलेक्टर और एसपी प्रदर्शनकारियों से बार-बार बातचीत कर रास्ता खुलवाने की अपील करते रहे, लेकिन वे नहीं माने। खंडेलवाल के मुताबिक प्रशासन की अपीलों के बावजूद शनिवार को सुबह 4 बजे से प्रदर्शनकारियों ने अचानक पुलिस बल पर भी भारी पथराव कर दिया। हालात को काबू करने के लिए पुलिस को आंसूगैस के गोले दागने पड़े। उपद्रवियों ने पथराव और तेज कर दिया। हिंसक हमले में 6 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें तुरंत ही अस्पताल पहुंचाया गया। एमपी मयूर खंडेलवाल और एडिशनल एसपी को भी चोटें आई हैं।
दतिया उपचुनाव में पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने शुक्रवार रात से ही बगावती तेवर दिखाना शुरू कर दिए थे। जैसे ही नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर भाजपा नेता आशुतोष तिवारी को दिया गया, उसी के थोड़ी देर बाद दतिया क्षेत्र में हंगामा मच गया था। नरोत्तम के समर्थक सड़कों पर निकल पड़े और कई स्थानों पर हंगामा शुरू कर दिया। नरोत्तम के समर्थकों में शामिल भाजपा के जिला अध्यक्ष, कई पार्षदों समेत क्षेत्र में सैकड़ों लोगों ने रात तक इस्तीफों की झड़ी लगा दी थी। रात में ही पुलिस प्रशासन को भारी पुलिस का इंतजाम करना पड़ा था। कई इलाकों में ऐहतियातन पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया था।
नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने शनिवार को सुबह से भी हंगामा शुरू कर दिया। झांसी-ग्वालियर हाईवे पर जाम लगाकर बैठे समर्थकों ने शनिवार सुबह 4 बजे वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की, साथ ही वाहनों को पलटा दिया। यह स्थिति तब बनी जब पुलिस ने हाईवे से कार्यकर्ताओं को उठाने का प्रयास किया। पुलिस पर भी पथराव किया गया, जिसमें एसपी और एएसपी समेत 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए। खबर लिखे जाने तक यह हंगामा जारी है।
नरोत्तम समर्थकों ने झांसी-ग्वालियर मार्ग को अवरुद्ध कर रखा था। सुबह 4 बजे से वे हाईवे पर जाम लगाकर बैठे थे। इस दौरान दोनों तरफ 15 किलोमीटर लंबा जाम लग गया था। इस दौरान एंबुलेंस भी कई घंटों तक जाम में फंसी रही। थोड़ी देर पहले ही जाम कर रहे लोगों को हिरासत में ले लिया गया और जाम को खुलवा दिया है। पुलिस के मुताबिक कुछ ही देर में रास्ता क्लीयर हो जाएगा। फिलहाल वाहन रेंगते हुए निकल रहे हैं। पुलिस का कहना है कि तीन हजार हुड़दंगी शहर का माहौल खराब कर रहे हैं।
Updated on:
11 Jul 2026 09:09 am
Published on:
11 Jul 2026 08:22 am
