दतिया

रातभर पत्नी के शव के पास लाठी लेकर बैठा रहा पति, डरकर पड़ोस के घर में भागे बच्चे

mp news: पत्नी को मारने के बाद उसके प्रेमी को भी मारना चाहता था आरोपी पति, पुलिस ने किया गिरफ्तार।
2 min read
Mar 06, 2026
DATIA
husband kills wife sits with body all night (DEMO PIC)

mp news: मध्यप्रदेश के दतिया जिले में एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के वक्त बच्चे भी घर में मौजूद थे और जब पिता ने मां से मारपीट करना शुरू कर दी तो बच्चे डर गए और पड़ोसी के घर भाग गए थे। सुबह जब बच्चे घर लौटे तो पिता मां के शव के पास लाठी लेकर बैठा था। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

रातभर पत्नी के शव के पास बैठा रहा पति

दतिया जिले में सेंवढ़ा रोड पर आदिवासी बस्ती में रहने वाली आशा आदिवासी नाम की महिला की उसके ही पति कालीचरण आदिवासी ने गुरुवार रात को लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतका के बेटे के मुताबिक रात में शराब के नशे में माता-पिता के बीच विवाद हुआ और पिता ने गुस्से में आकर मां को पीटना शुरु कर दिया था। हम मां को पिटते देख बुरी तरह डर गए और पड़ोसी के घर भाग गए। सुबह जब पड़ोसी के घर से वापस लौटे तो देखा कि मां अचेत पड़ी थी और पिता लाठी लेकर मां के शव के पास बैठे थे।

प्रेमी को मारने जा रहा था

घटना की सूचना मिलने पर जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तब तक आरोपी पति कालीचरण आदिवासी मौके से फरार हो चुका था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की। इसी बीच पुलिस ने आरोपी पति को बस से पकड़ा है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वो पत्नी के प्रेमी को मारने के लिए जा रहा था। आरोपी के मुताबिक पत्नी का प्रेमी उत्तरप्रदेश के चिरगांव कस्बे का रहने वाला है जिसे उसने फोन कर पिछोर बुलाया था। पुलिस ने आरोपी पति कालीचरण आदिवासी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।

Published on:
06 Mar 2026 05:29 pm