ratangarh mata mandir : अधिकारियों ने मां रतनगढ़ से मेले को सफल बनाने के लिए प्रार्थना की
दतिया। जिले के रतनगढ़ माता मंदिर पर दीपावली दौज को लगने वाले लख्खी मेले की शुरुआत दीपावली की रात से हो गई है। यहां पूजा-अर्चना के बाद ही श्रद्धालु मंदिर के लिए रवाना हो गए है। इसके लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। अब प्रशासन मां रतनगढ़ की शरण में है। शनिवार और रविवार को भी अधिकारियों ने रतनगढ़ माता मंदिर का दौरान किया और मां रतनगढ़ से मेले को सफल बनाने के लिए प्रार्थना की। प्रशासन का अनुमान है कि दीवाली की दौज पर आयोजित होने वाले मेले में करीब 25 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंचेगे। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
15 किमी के दायरे में 14 पार्किंग प्वाइंट बनाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बाइक जैसे छोटे वाहन को दुल्हा देव पार्किंग में पार्क कराया जाएगा,इसके अलावा बस, ट्रैक्टर व मेटाडोर जैसे वाहनों के लिए चीना बंबा शाला एवं चरोखरा में पार्किंग व्यवस्था की गई है। इसके अलावा हल्के वाहन मसलन कार, जीप आदि मरसेनी बुजुर्ग तक जाएंगेा। यहां हल्के वाहनों को पार्क कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि ओव्हर लोड वाहन व डबल ट्रैक्टर ट्रॉली पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। डबल ट्रैक्टर ट्रॉली पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा मेले में पहली बार 42 सेक्टरों पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, एसडीओ स्तर के अधिकारी तैनात रहेंगे।
100-100 मीटर की दूरी पर बने हर सेक्टर में पानी टेंकर,छाया के लिए टेंट, बैठने के लिए कुर्सी, मेडिकल सुविधा के लिए कर्मचारी मौजूद रहेंगे। यह पहला अवसर होगा जब अफवाहों से बचने और लोगों के बीच सूचनाओं का आदान प्रदान करने के लिए हर सेक्टर पर माइक लगाकर सूचनाएं दी जाएगी। शनिवार को कलेक्टर बीएस जामोद सहित अधिकारियों रतनगढ़ का दौरा किया। व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद अधिकारियों ने माता के दर्शन कर मेले को सफल बनाने के लिए प्रार्थना की।