
सीएम Vasundhara Raje के नेतृत्व में भाजपा की राजस्थान गौरव यात्रा (Rajasthan Gaurav Yatra 2018) के जयपुर संभाग का आगाज़ हो गया। इस चरण की शुरुआत दौसा जि़ले के लालसोट विधानसभा क्षेत्र में पपलाज माता के दर्शन के साथ शुरू हुई। दौसा के नागल राजावतान मे कार्यकर्ताओं ने सीएम राजे का मीनभगवान मंदिर पर भव्य स्वागत किया। मंदिर पर सीएम ने मीन भगवान के दर्शन किए। सीएम ने नांगल राजावतान मे महिला कॉलेज खोलने की घोषणा की। ऐसे में महिलाओं के समर्थन में पूरा पांडाल गुंज उठा। महिलाओं ने सीएम राजे को पीली लूगड़ी ओढ़ाई।
पांचवें चरण की यह पांच दिवसीय यात्रा 20 से 24 सितंबर तक जयपुर संभाग में रहेगी। जयपुर संभाग में 555 किलोमीटर का सफर तय किया जाएगा। इस दौरान 17 स्थानों पर यात्रा का स्वागत होगा और 15 आमसभाएं आयोजित होंगी।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी विमल कटियार ने बताया कि पांचवें चरण की राजस्थान गौरव यात्रा जयपुर संभाग में 26 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। संभाग के पांच जिले दौसा, अलवर, जयपुर, सीकर एवं झुंझुनूं कवर किए जाएंगे। यात्रा का पांचवां चरण रींगस बाईपास पर स्वागत के साथ 24 सितंबर को संपन्न होगा।
दौसा में सीएम की सभा से पहले विरोध की आहट के चलते स्थानीय पुलिस और आईबी ने इसे लेकर कई दिन पहले से ही तैयारी शुरू कर दी थीं। बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर आईबी की रिपोर्ट के बाद स्वागत कार्यक्रम को भी छोटा कर दिया गया है। दरअसल, तीन से चार दिन पहले पहुंची आईबी टीम को यहां पहले ही विरोध की आहट सुनाई दे गई थी। बताया जा रहा है कि सड़क मार्ग से अगर सीएम आती तो चार से पांच जगहों पर काले झंडे, पुतला दहन और सिर मुंडाकर प्रदर्शन करने की तैयारी थी। लेकिन अब पंद्रह जगहों की जगह तीन जगहों पर ही भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच स्वागत होगा।