
Dausa: मृतक विनय मीणा (आसमानी टी-शर्ट) एवं योगेंद्र मीणा सफेद शर्ट (फोटो-पत्रिका)
दौसा। बांदीकुई के कोलवा थाना क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक हादसे में दो चचेरे भाइयों की फार्म पौंड में डूबने से मौत हो गई। झांकी वाली ढाणी में बने गहरे फार्म पौंड में 19 वर्षीय विनय कुमार मीणा और 32 वर्षीय योगेंद्र कुमार मीणा डूब गए। बताया जा रहा है कि एक भाई को डूबता देख दूसरे ने उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण दोनों ही पानी में समा गए। दोनों प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे।
परिजनों के अनुसार दोनों रविवार सुबह करीब 9 बजे आदिवासी दिवस समारोह में जाने की बात कहकर घर से निकले थे। शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों से दोनों के फार्म पौंड की तरफ जाने की जानकारी मिली तो परिजन वहां पहुंचे।
फार्म पौंड के पास दोनों की शर्ट और मोबाइल फोन मिले। इससे परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने पानी में तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
माना जा रहा है कि फार्म पौंड में एक भाई पानी में डूबने लगा होगा। उसे बचाने के लिए दूसरे ने भी बिना अपनी जान की परवाह किए पानी में छलांग लगा दी। लेकिन पौंड की गहराई और पानी की स्थिति ऐसी थी कि दोनों खुद को संभाल नहीं सके। कुछ देर बाद दोनों के पानी में डूबने की पुष्टि हुई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने कई घंटे तक तलाश अभियान चलाया। रात करीब ढाई बजे दोनों के शव पानी से बाहर निकाले जा सके।
दोनों चचेरे भाइयों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिन दो युवकों से परिवार को भविष्य में कामयाबी की उम्मीद थी, उनकी एक साथ मौत ने सभी को झकझोर दिया। दोनों प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे और अपने भविष्य को संवारने के लिए मेहनत कर रहे थे।
राजस्थान के ग्रामीण इलाकों में सिंचाई और जल संग्रहण के लिए बड़ी संख्या में फार्म पौंड और डिग्गियां बनाई गई हैं। लेकिन इनमें से कई जगह सुरक्षा दीवार, जाल या चेतावनी संकेत जैसी पर्याप्त व्यवस्था नहीं होती। गहराई अधिक होने के कारण इनमें गिरने के बाद बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। बारिश के मौसम में पानी भरने के बाद इनका खतरा और बढ़ जाता है। बांदीकुई की यह घटना एक बार फिर फार्म पौंड और डिग्गियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।
Updated on:
10 Aug 2026 10:30 pm
Published on:
10 Aug 2026 10:29 pm
