
Dausa Crime: एटीएम लूट की कोशिश में शामिल कार (फोटो-पत्रिका)
दौसा। जिले के सिकराय स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम को तोड़कर लूट की नाकाम कोशिश के मामले में मानपुर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त काले रंग की कार भी जब्त कर ली है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार 12-13 जुलाई 2026 की रात तीन बदमाश कार से सिकराय पहुंचे थे। उन्होंने पहले इलाके की रेकी की और फिर एटीएम बूथ का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया। पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने बूथ के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए। इसके बाद लोहे की रॉड से एटीएम मशीन का कैश बॉक्स निकालने का प्रयास किया, लेकिन करीब पांच से दस मिनट तक मशक्कत करने के बावजूद वे सफल नहीं हो सके। इस दौरान सड़क पर वाहनों की आवाजाही बढ़ने पर आरोपी वारदात अधूरी छोड़कर मौके से फरार हो गए। हालांकि, उनकी पूरी गतिविधि एटीएम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी।
घटना के बाद मानपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के अलावा आसपास के मार्गों और टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपी सोहन सिंह उर्फ सोनू निवासी डाबर, ढाणी घूमना, थाना मानपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान लोकेश और देशराज उर्फ अंकुश के रूप में हुई है। दोनों की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के निर्देशन में थाना प्रभारी सतीश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।
गौरतलब है कि यह वही एसबीआई एटीएम है, जिसे नवंबर 2022 में भी बदमाशों ने निशाना बनाया था। उस समय बदमाश करीब 10 लाख रुपए से भरा कैश बॉक्स लूटकर फरार हो गए थे। पीछा कर रहे एक होमगार्ड जवान को वाहन से कुचल दिए जाने से उसकी मौत हो गई थी। एक बार फिर उसी एटीएम को निशाना बनाए जाने से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए थे। हालांकि, इस बार पुलिस ने त्वरित जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की है।
Updated on:
07 Aug 2026 04:35 pm
Published on:
07 Aug 2026 04:34 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
