दौसा

दौसा में भीषण सड़क हादसा: महाकुंभ से लौट रहे 5 लोगों की मौत, एक दंपत्ति की शादी की सालगिरह बनी मौत की तारीख

Road Accident in Dausa: दौसा जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें महाकुंभ से लौट रहे 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई।
2 min read
• •
Updated: 18 Feb 2025, 9:09 PM IST
Road Accident in Dausa
Road Accident in Dausa

Road Accident in Dausa: दौसा जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें महाकुंभ से लौट रहे 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-21 पर हुआ, जब श्रद्धालुओं की कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से घुस गई। इस भीषण हादसे में दो दंपतियों सहित 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।

हाईवे पर कैसे हुआ यह हादसा?

दौसा डीएसपी रवि प्रकाश शर्मा ने बताया कि ईको कार का ड्राइवर नफीस झपकी लगने के कारण वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार हाईवे पर खड़े ट्रक में तेज रफ्तार से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार लोगों के शवों को निकालने में एक घंटे से अधिक का समय लगा।

हादसे में दो दंपत्ति सहित पांच की मौत

दरअसल टोंक जिले के देवली के रहने वाले श्रद्धालु प्रयागराज में महाकुंभ में डुबकी लगाने के बाद वापस आ रहे थे। इसी दौरान दौसा के कोतवाली थाना क्षेत्र में जयपुर बाईपास के समीप उनकी एक कार एक खड़े ट्रेलर से टकरा गई। इस हादसे में कार में सवार मुकुट बिहारी सोनी और उसकी पत्नी गुड्डी देवी, राकेश सोनी और उसकी पत्नी निधि तथा कार ड्राइवर नफीस खान की मौत हो गई।

वहीं, इसे हादसे में कार में सवार दीपेश सोनी नामक व्यक्ति घायल हो गया, साथ ही ट्रेलर चालक धर्मवीर और ट्रेलर को ठीक कर रहा मिस्त्री रामचरण हादसे में घायल हो गए। तीनों घायलों का दौसा जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

शादी की सालगिरह बनी मौत की तिथि

जानकारी के मुताबिक देवली निवासी मुकुटबिहारी सोनी की मंगलवार को 41वीं वैवाहिक वर्षगांठ थी। उन्होंने अपने व्हाट्सएप स्टेटस लगाकर खुशी व्यक्त की थी। बेटी ने भी माता-पिता को बधाई देते हुए संदेश शेयर किया था। दौसा पहुंचे परिवारजन भी शवों को देखकर स्तब्ध रह गए और विलाप करने लगे।

गैस लीक की आशंका से यातायात रोका

हादसे के बाद पुलिस ने हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात रोक दिया, क्योंकि कार में गैस किट लगी हुई थी, जिससे गैस लीक का खतरा बना हुआ था। राहत कार्य पूरा होने के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू किया।

इधर, हादसे की सूचना मिलने के बाद दौसा के डीएसपी रवि शर्मा सहित पुलिस के आलाधिकारी मौजूद रहे। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रथम दृश्टया बताया जा रहा है कि इको कार के चालक को नींद की झपकी आने के कारण उसने खड़े ट्रेलर टक्कर मार दी।

Updated on:
18 Feb 2025, 9:09 PM IST
Published on: