
दौसा. शहर में चोर इस कदर बेलगाम हो गए हैं कि अब उन्हें पुलिस का भी डर नहीं रहा है। यही कारण है कि चोर शुक्रवार रात आगरा रोड पर कोतवाली थाने से महज ढाई सौ मीटर की दूरी पर स्थित बिल्डिंग मेटेरियर की दुकान का ताला तोड़कर पांच हजार की नकदी सहित हजारों रुपए का माल ले गए। घटना का पता पीडि़त को सुबह दुकान पहुंचने पर लगा।
इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घटना का विरोध कर चोरों की गिरफ्तारी व माल की बरामदगी की मांग की। इस दौरान पहुंची पुलिस ने मौका-मुआयना कर चोरों की तलाश शुरू कर दी, लेकिन शाम तक सुराग भी नहीं लगा। पीडि़त अनुज खण्डेलवाल ने चोरी की रिपोर्ट दी है।
पीडि़त ने बताया कि उसकी आगरा रोड पर श्रीनारायण ट्रेडिंग कम्पनी के नाम से दुकान है। वह रात को दुकान बढ़ाकर घर चला गया था। देर रात चोर ताला तोड़कर अंदर घुस गए तथा गल्ले में रखे 5 हजार रुपए, सीसीटीवी कैमरे तथा अन्य सामान ले गए।
इस दौरान चोरों ने दुकान में लगी एलईडी भी तोड़ दी। सुबह दुकान पहुंचा तो ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो नकदी व अन्य सामान नहीं मिला। इस सम्बन्ध में थानाप्रभारी ने बताया कि चोरों की तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर माल बरामद किया जाएगा।
शुक्रवार को ही लगाए थे सीसीटीवी
पीडि़त ने बताया कि उसने दुकान की सुरक्षा के लिए शुक्रवार सुबह ही सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। इस पर उसने हजारों रुपए खर्च किए थे। रात को आए चोर उन्हें खोल ले गए। इसके अलावा स्टोरेज मशीन सहित अन्य उपकरण भी ले गए। उन्होंने बताया कि शहर के व्यस्ततम मार्गपर चोरी होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान है।