
rajasthan politics भाजपा के राजस्थान में मिशन-25 को पूरा करने के लिए दौसा सीट पर विशेष फोकस दिया जा रहा है। गृह मंत्री अमित शाह की जयपुर बैठक के दूसरे दिन ही भाजपा राजस्थान चुनाव प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे दौसा पहुंचे और कोर कमेटी की बैठक लेकर स्थानीय नेताओं को एक्टिव करने व खींचतान पर लगाम लगाने का प्रयास किया।
गौरतलब है कि गत चुनाव में भाजपा ने दौसा सीट प्रदेश में सबसे कम अंतर से जीती थी। इस बार भी यहां मुकाबला कड़ा माना जा रहा है। इसके अलावा जिले के कुछ नेताओं में चल रही खींचतान की खबरें भी केन्द्रीय नेतृत्व तक पहुंची है। ऐसे में प्रदेश प्रभारी ने दौसा आकर सभी को एकजुट होकर प्रचार में लगने व भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी नेताओं के गिले-शिकवे सुनकर समाधान करने का प्रयास भी किया।
गौरतलब है कि दौसा सीट पर टिकट को लेकर भी काफी घमासान हुआ था। ऐसे में केन्द्रीय नेतृत्व ने बीच का रास्ता निकालकर कन्हैयालाल मीना को मैदान में उतारा। अब प्रत्याशी का सहयोग करने के लिए भाजपा नेतृत्व जिले के सभी नेताओं को एकजुट करने का प्रयास कर रहा है।
सवाल किए और सुझाव लिए
बैठक के दौरान प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे ने दौसा लोकसभा की सीट पर हैट्रिक लगाने के लिए काम के बंटवारे और आगामी रणनीति पर कोर कमेटी के सदस्यों से सवाल किए। साथ ही सदस्यों से इस संबंध में सुझाव भी लिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा 370 और एनडीए 400 पार के नारे में हम सब नेताओं की सहभागिता तय करनी होगी। पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता और पन्ना प्रमुख को जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जातिगत राजनीति करती है। पीएम मोदी ने भ्रष्टाचार, जातिवाद, परिवारवाद और आतंकवाद से मुक्ति दिलाई।
दौसा भाजपा लोकसभा क्षेत्र प्रभारी व कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धनसिंह राठौड़ ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सभी लोग प्रचार में जुटकर भाजपा की सरकार के विकास के काम जैसे ईआरसीपी, एक्सप्रेस-वे आदि के बारे में बताएं। साथ ही राम मंदिर निर्माण, धारा 370 जैसे बड़ी उपलब्धियों से अवगत कराया जाए।
किरोड़ी आए, जसकौर नहीं
भाजपा प्रत्याशी की घोषणा के बाद कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीना सोमवार को पहली बार कार्यक्रम में नजर आए तथा हेलीपैड पहुंचकर प्रभारी की अगवानी की तथा बैठक में भी शामिल हुए। वहीं कोर कमेटी की बैठक में निवर्तमान सांसद जसकौर मीना शामिल नहीं हुई। इस दौरान सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल, लालसोट विधायक रामविलास मीणा, महुवा विधायक राजेन्द्र मीना, लोकसभा संयोजक सत्यनारायण शाहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रभुदयाल शर्मा, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाना, लोकसभा सह प्रभारी विष्णु चेतानी, विस्तारक सोहनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश मंत्री भूपेंद्र सैनी, पूर्व सांसद रामकुमार वर्मा, पूर्व विधायक शंकरलाल शर्मा, लक्ष्मीनारायण बैरवा, चंद्रमोहन मीणा, पूर्व जिला अध्यक्ष अमरसिंह कसाना, टीकमसिंह गुर्जर, अभयशंकर शर्मा, घनश्याम बालाहेड़ी और रतन तिवाड़ी सहित कई नेता मौजूद रहे।