Bomb Threats : विभिन्न न्यायालयों और अन्य संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी भरे मेल न केवल भारत के अलग-अलग राज्यों बल्कि पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान को भी भेजे गए हैं। पुलिस जांच में इस बात का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। ई-मेल एक सप्ताह पहले ही तैयार की गई थीं।
Bomb Threats : पिछले तीन दिन से भारत के अलग-अलग राज्यों की न्यायालयों और अन्य संस्थानों को बम से उड़ाने से संबंधित धमकी भरे ई-मेल भेजे जाने से हड़कंप मचा हुआ है। पहले नैनीताल, फिर देहरादून, अल्मोड़ा, बागेश्वर पिथौरागढ़ सहित कई जिला न्यायालयों को धमकी भरे ई-मेल भेजे जा चुके हैं। कल भी देहरादून कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। ये सभी धमकियां जिला जजों की आधिकारी ई-मेल आईडी पर भेजी गई थी। इससे शासन-प्रशासन में भी खलबली मची हुई है और न्यायालयों में कामकाज भी बाधित हुआ है। इधर, हल्द्वानी के एसपी सिटी मनोज कत्याल के मुताबिक नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिला जज की आधिकारिक मेल पर बम धमाकों की धमकी आई थी। एसपी सिटी के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि 10 फरवरी को ई-मेल तैयार की गई थी। इसके बाद इसे लगातार दो दिन सर्कुलेट किया गया। भारत सहित पाकिस्तान व अन्य देशों में करीब 130 ई-मेल फॉरवर्ड किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।
न्यायालयों में बम धमाकों की धमकी भरे ई-मेल माइक्रोसाफ्ट आउटलुक पर तैयार की गई थी। अभी तक ई-मेल भेजने वाला संदिग्ध ट्रैक नहीं हो पाया है। इस मामले की बड़े स्तर पर इसकी जांच हो रही है और एसटीएफ से भी मदद मांगी गई है। बड़ी बात ये है कि मेल भेजने वाले आरोपी का पता लगाने में पुलिस को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। माना जा रहा है कि आरोपी ने रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डों या फ्री वाई-फाई वाले किसी स्थान से मेल किया होगा। साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि जिन स्थानों पर वाई-फाई में पासवर्ड नहीं होता, उस स्थान से संदेश भेजने वाले को ट्रेस करना मुश्किल होता है। साइबर जांच में आईपी एड्रेस ट्रैक करने के बाद हेडर व अन्य तकनीकी संसाधनों से ई-मेल के भारत, पाक समेत अन्य जगहों पर भेजने की बात सामने आई है।
देहरादून कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने पर हड़कंप मच गया। जिला जज के कार्यालय में धमकी भरा ई-मेल आने की सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने न्यायालय परिसर को खाली कराकर करीब दो घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। बुधवार सुबह करीब दस बजे धमकी भरे ई-मेल आने की सूचना मिली। एसपी सिटी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस फोर्स, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्कवाड मौके पर पहुंचे। इस दौरान सभी अधिवक्ता, जज एवं वादकारी कोर्ट परिसर से बाहर आ गए। दोपहर 12:30 बजे तक चली इस चेकिंग में संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। ई-मेल में लिखा गया था कि ये कोई मजाक नहीं, पांच बम रखे जांच चुके हैं। इस प्रकार की मेल आने से हड़कंप मचा हुआ है।