देहरादून

हाशिम अमला, दिलशान सहित कई क्रिकेटरों को बाउंसरों ने किया कैद, स्टेडियम में मचा हंगामा

Legends Cricket League 2026 : लीजेंड्स लीग खेलने पहुंचे हाशिम अमला सहित तमाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों को बाउंसरों ने स्टेडियम के भीतर कैद कर दिया। बाउंसर भुगतान की मांग कर रहे थे। मांग तत्काल पूरी नहीं होने पर उन्होंने स्टेडियम के मुख्य गेट पर ताले जड़ दिए। इससे स्टेडियम में हंगामा मच गया।

2 min read
Mar 17, 2026
लीजेंड्स लीग के दौरान उत्तराखंड में हाशिम अमला, दिलशान सहित कई क्रिकेटरों को बाउंसरों ने स्टेडियम में कैद कर दिया

Legends Cricket League 2026 : हाशिम अमला, दिलशान सहित तमाम दिग्गज क्रिकेटरों को बाउंसरों ने स्टेडियम में कैद कर दिया। ये घटना उत्तराखंड के हल्द्वानी के गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में घटी है। यहां पर इन दिनों लीजेंड्स क्रिकेट लीग के मुकाबले खेले जा रहे हैं। इस लीग में सुरेश रैना, दिनेश कार्तिक, इरफान पठान , एस. श्रीसंत जैसे दिग्गज भारतीय खिलाड़ियों के अलावा कार्लोस ब्रैथवेट, थिसारा परेरा, रॉस टेलर, मार्टिन गुप्टिल, हाशिम अमला, असगर अफगान और क्रिस गेल जैसे प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय सितारे खेल रहे हैं। सोमवार को लीजेंड्स क्रिकेट लीग में सदर्न सुपर स्टार्स और इंडिया कैप्टन्स के बीच हुए मुकाबले के बाद हंगामा हो गया। बाउंसरों ने तीन दिन का भुगतान नहीं होने पर मुख्य गेट में ताला जड़ दिया। इससे कई खिलाड़ी स्टेडियम के भीतर बसों में आधे घंटे फंसे रहे। इनमें दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला, श्रीलंका के दिलशान मुनावीरा, जिम्बाब्वे के हैमिल्टन मसाकाद्ज़ा सहित शेल्डन जैक्सन, अजीत चंदिला, परविंदर अवाना सहित 20 खिलाड़ी, कोच व अन्य स्टाफ शामिल थे। इससे आयोजकों के पैरों तले जमीन खिसक गई। आयोजकों के दो घंटे के भुगतान का आश्वासन देकर गेट खुलवाया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के मुताबिक मामले की जानकारी हासिल की जा रही है। इधर लीग के को-फाउंडर रमन रहेजा के मुताबिक भुगतान के कार्यों को देखने वाले मुख्य सुरक्षा अधिकारी सोमवार को हल्द्वानी से बाहर थे। इस वजह से भुगतान को लेकर दिक्कत आई। सभी का भुगतान किया जाएगा। किसी को घबराने की आवश्कता नहीं है।

82 बाउंसरों का नहीं हुआ था भुगतान

लीग में खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए 82 बाउंसर और 42 गार्ड  तैनात किए गए हैं। श्रीहंस सिक्योरिटी एजेंसी दिल्ली के सुपरवाइजर कुलदीप सिंह के मुताबिक  82 बाउंसर, 42 गार्ड का तीन दिन का भुगतान नहीं किया गया है। इस वजह से मुख्य गेट बंद करना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी है कि भुगतान नहीं हुआ तो मंगलवार को प्रस्तावित दोनों मुकाबले नहीं होने दिए जाएंगे। हालांकि आयोजकों को दावा है कि बाउंसरों सहित सभी कर्मियों का भुगतान कर दिया जाएगा।

सदर्न सुपर स्टार्स जीती

लीजेंड्स लीग में सोमवार को सदर्न सुपर स्टार्स ने इंडिया कैप्टन्स को आठ विकेट से परास्त किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया कैप्टन्स 18.3 ओवर में 87 रनों पर सिमट गई। हाशिम अमला 12 रन ही बना सके। सदर्न सुपर स्टार्स ने 9.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। हैमिल्टन मसाकाद्ज़ा ने 30 गेंदों में नाबाद 61 रन बनाए। मुकाबला देखने के लिए दर्शकों का जमावड़ा लगा हुआ था। स्टेडियम की लाइटें नहीं जलने से मैच करीब आधा घंटा देर से शुरू हो पाया। आयोजकों ने बताया कि जनरेटर में तेल की कमी से लाइटें नहीं जल सकीं। बाद में तेल की व्यवस्था की गई।

Updated on:
18 Mar 2026 08:08 am
Published on:
17 Mar 2026 08:26 am
Also Read
View All