
बदरीनाथ हाईवे पर बस पलट गई (Image: Police)
Badrinath Highway Bus Accident: बदरीनाथ हाईवे पर रविवार शाम बड़ा हादसा हुआ है। हाईवे पर मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में शिवपुरी के कलथरी डंपिंग प्वाइंट के पास एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। यह बस तीर्थयात्रियों को लेकर हरिद्वार से लौट रही थी। हादसे का शिकार हुई बस में ड्राइवर-कंडक्टर समेत कुल 27 लोग सवार थे।
बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस के अंदर फंसे लोग जान बचाने के लिए चीखने-चिल्लाने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को बस से बाहर निकाला। पुलिस के मुताबिक बस (UK14PA0605) बदरीनाथ से हरिद्वार लौट रही थी। अचानक ड्राइवर की तरफ की खिड़की खुल गई। खिड़की बंद करने की कोशिश में ड्राइवर का बस पर से नियंत्रण हट गया और बस सड़क पर पलट गई।
पुलिस ने बताया कि हादसे में 7 तीर्थयात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को 108 एंबुलेंस से राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश भेजा गया है। अन्य यात्रियों को मामूली चोट लगी है, वे सभी सुरक्षित हैं। बस में सवार सभी यात्री उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के रहने वाले हैं। सभी तीर्थयात्री लखीमपुर खीरी से भगवान के दर्शन करने आए थे। दर्शन के बाद वे सभी वापस लौट रहे थे, रास्ते में उनकी बस हादसे का शिकार हो गई।
बस हादसे में सोनम गुप्ता (28), मुन्नी देवी (56), चंद्र प्रकाश गुप्ता (62), संजय चौरसिया (59), सीता देवी (38), कुमारी शबनम (32) और मनीष गिरी (44) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलने पर मुनिकीरेती पुलिस और थाना प्रभारी विनोद कुमार की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। कोतवाल प्रदीप चौहान और टिहरी गढ़वाल जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने पुष्टि की कि घायलों की हालत स्थिर है। बाकी यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। पुलिस ने बस को हटाकर यातायात सुचारू किया है।
Updated on:
10 May 2026 08:42 pm
Published on:
10 May 2026 08:35 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
